मुंबई, 13 जुलाई 2018: लगातार छठे दिन की बढ़त के साथ सेंसेक्स आज शुक्रवार को भी शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स एक नयी ऊंचाई पर पहुंच गया। गुरुवार को जारी वृहद आर्थिक आंकड़ों के कमजोर रहने के बावजूद इंफोसिस, कोल इंडिया और विप्रो जैसी कंपनियों को हुए लाभ के चलते यह 36,740.07 अंक के नए पायदान पर पहुंच गया।
मुंबई शेयर बाजार का सेंसेक्स लगातार आज भी छठे दिन बढ़त लिए रहा। यह 191.66 अंक यानी 0.52% चढ़कर 36,740.07 अंक की ऊंचाई पर पहु्ंच गया। पिछले पांच सत्र के कारोबार में इसमें 973.86 अंक की बढ़त दर्ज की गई। गुरुवार को यह 36,548.41 अंक की रिकॉर्ड ऊंचाई पर बंद हुआ था. इसी प्रकार नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 48.15 अंक यानी 0.43% बढ़कर 11,071.35 अंक पर खुला है। इंफोसिस के शेयर में 1.42% की बढ़त देखी गई है. कंपनी वित्त वर्ष 2018-19 की पहली तिमाही का परिणाम आज जारी करने जा रही है। ब्रोकरों की मने तो शेयर बाजारों को डॉलर के मुकाबले रुपये की मजबूती और एशियाई बाजारों के स्थिर संकेत का भी लाभ मिला है।
रुपये में तीसरे दिन भी बनी रही बजबूती: डॉलर के मुकाबले रुपये में शुक्रवार को लगातार तीसरे दिन भी मजबूती बनी रही। शुरुआती कारोबार में डॉलर के मुकाबले 23 की मजबूती के साथ यह 68.32 पर खुला। यह तीन हफ्ते का उच्च स्तर है। मुद्रा कारोबारियों के अनुसार बैंकों और निर्यातकों की ओर से डॉलर की बिकवाली जारी रहने से रुपया मजबूत हुआ है। बता दे कि गुरुवार को डॉलर के मुकाबले रुपया 20 पैसे की बढ़त के साथ 68.57 पर बंद हुआ था।







