लखनऊ, 31 जुलाई 2018: लोकतंत्र की रक्षा में सिर्फ मीडिया को सक्षम मानते हुए बहुजन विजय पार्टी ‘आॅपरेशन मीडिया’ अभियान चलायेगी, जिसके अन्तर्गत देश-प्रदेश, मंडल व जिले स्तर पर हर सप्ताह प्रिंट व इलेक्ट्रानिक मीडिया के माध्यम से केन्द्र व प्रदेश सरकार की विफलताओं को उजागर किया जायेगा।
बहुजन विजय पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व बहुजन मोर्चा संयोजक केशव चन्द्र ने आज लखनऊ में आॅपरेशन मीडिया अभियान शुरू करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि पार्टी का आॅपरेशन मीडिया अभियान ठोस तथ्यों, सूचनाधिकार अन्तर्गत प्राप्त सबूतों सहित मीडिया पर आधारित अभियान होगा, जो विपक्षी ध्रुवीकरण के साथ ही देश-प्रदेश में लोकतंत्र बहाली तक चलता रहेगा। इस संबंध में सभी राज्य, मंडल व जिला ईकाइयों को इस आषय के निर्देश दे दिये गये हैं।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि इस अभियान का नेतृत्व वह स्वयं करेंगे और ठोस सबूतों के आधार पर केन्द्र व प्रदेश सरकार से हर सप्ताह बहुजन विजय पार्टी सवाल पूछेगी जिसे बाद में पार्टी कार्यकर्ता जनता के बीच ले जायेंगे । उन्होंने कहा कि यह अभियान देश-प्रदेश व्यापी अराजकता को खत्म कर आम जनता को उसका हक दिलायेगा। आॅपरेशन मीडिया अभियान में स्थानीय मुद्दे भी शामिल होंगे।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि मोक्ष मार्ग छोड़कर राजनीति में आए योगी आदित्यनाथ का उद्देष्य यद्यपि अच्छा है लेकिन वे सभी मोर्चों पर विफल सरकार के मुखिया हैं। वर्तमान समय बहुजन विजय पार्टी देश प्रदेश की समस्याओं का अध्ययन कर रही है तथा विविध सरकारी विफलताओं को सूचीबध्द व चिन्हित किया जा रहा है। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि इस अभियान का लक्ष्य सिर्फ सत्ता दल की खिंचाई करना ही नहीं है बल्कि बेमेल और अवसरवादी दिग्भ्रमित विपक्षी पार्टियां व गठबंधन भी उनके निशाने पर होंगे।







