जन जागरूकता अभियान के दूसरे दिन आज सिस गोमती लेसा बिजली विभाग में चला जन जागरूकता अभियान
लखनऊ, 18 सितम्बर 2018: आरक्षण बचाओ संघर्ष समिति,उप्र ने पदोन्नति में आरक्षण बिल पास कराने तथा एससी/एसटी ऐक्ट पर हो रहे लगातार कुठाराघात को रोकने को लेकर विभागवार चलाये जा रहे जन जागरण अभियान ने जोर पकड़ा है। संघर्ष समिति का दावा है कि पूरे प्रदेश में लगातार कार्मिक लंच आवर में अपने विभागों में इकट्ठा होकर जारूकता बढ़ाने के लिये एकजुटता पर बल दे रहे हैं।
बता दें कि कृषि विभाग के बाद आज इन्द्र लोक हाइडिल कालोनी मनोरंजन क्लब कृष्णा नगर में अभियान के दूसरे दिन सिस गोमती लेसा बिजली विभाग में आरक्षण बचाओ जन जागरण अभियान चलाया गया। संघर्ष समिति के नेताओं ने जन जागरण अभियान के माध्यम से आगामी 28 सितम्बर, 2018 को होने वाली विशाल परिक्रमा को सफल बनाने का आहवान किया गया। आज प्रदेश के अनेकों जिलों में भी आरक्षण समर्थक कार्मिकों ने अलग-अलग कार्यक्रम कर पदोन्नति में आरक्षण बिल को अविलम्ब पास कराने की मांग उठायी। यह अभियान लगातार आगे रहेगा जारी।
आरक्षण बचाओं संघर्ष समिति के संयोजकों अवधेश कुमार वर्मा, केबी राम, आरपी केन, अजय कुमार, अन्जनी कुमार, राधेश्याम, एसपी सिंह, दिनेश कुमार, अजय चैधरी, बृज मोहन, अशोक कुमार, आकाश दीप, प्रेम चन्द्र ने अपने सम्बोधन में कहा कि दलितों पिछड़ों को एकजुट होकर आरक्षण को बचाने हेतु कमर कसना पड़ेगा। संघर्ष समिति लगातार पिछड़े वर्ग के कार्मिकों के लिये भी पदोन्नति में आरक्षण की व्यवस्था बहाल करने की मांग करता चला आ रहा है, लेकिन दुर्भाग्य की बात यह है कि केन्द्र की मोदी सरकार व उ0प्र0 की योगी सरकार कोई ध्यान नहीं दे रही है। ऐसे में सभी प्रदेश के 8 लाख आरक्षण समर्थक कार्मिकों को एकजुट होकर बिगुल बजाना होगा और उसी क्रम में 28 सितम्बर को आर-पार की लड़ाई का ऐलान होगा।







