लखनऊ, 24 सितम्बर 2018: आरक्षण बचाओ संघर्ष समिति,उप्र ने आज पूना पैक्ट दिवस पर एक संगोष्ठी में कहा कि पूना पैक्ट समझौता बाबा साहब ने मजबूरी में किया था। उन्होंने कहा कि अब बाबा साहब के अनुयायी बाबा साहब के बताये हुए रास्ते पर चलकर संघर्ष के लिये पूरी तरह तैयार हैं, इसी तरह व्यापक जनांदोलन चलाकर पूरे देश में एक बड़ा आन्दोलन खड़ा करना है। जिससे केन्द्र की मोदी सरकार मजबूर होकर पदोन्नति में आरक्षण संवैधानिक संशोधन 117वां लम्बित बिल को पास कराये।
उद्यान भवन सभागार में आयोजित एक संगोष्ठी में उन्होंने कहा कि यह कितने दुर्भाग्य की बात है कि एससी/एसटी एक्ट का कानून पुनः पारित होने के बाद भी आरक्षण विरोधी उसका विरोध कर रहे हैं, जो इस बात को सिद्ध करता है कि दलितों के अधिकार को कोई भी देना नहीं चाहता। ऐसे में सभी 8 लाख आरक्षण समर्थक कार्मिकों को करो मरो की तर्ज पर हर कुर्बानी देने के लिये तैयार रहना है। 28 सितम्बर को सुबह 6ः30 बजे आरक्षण समर्थक लखनऊ की धरती पर इतिहास रचने के लिये पूरी तरह कमर कस चुके हैं।







