सरकार ने पुराने ट्रैक्टर और उपकरणों के प्रयोग तथा फसलों की खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य पर करने की मांग मानी, आधी रात को खत्म हुआ किसानों का आंदोलन
नई दिल्ली, 04 अक्टूबर 2018: भारतीय किसान यूनियन ने कहा है कि सरकार को समय सीमा तय कर उसके भीतर किसानों की समस्याओं का समाधान करना चाहिए अन्यथा वह फिर से आंदोलन करने को मजबूर होंगे। यूनियन के राष्ट्रीय महासचिव युद्धवीर सिंह बुधवार को मीडिया को जानकारी देते हुए कहा कि किसानों की समस्याओं के समाधान पर सरकार से मिले आश्वासन और उसके प्रतिनिधियों को राजघाट जाने देने के बाद आंदोलन समाप्त किया गया है।
उन्होंने कहा कि 10 साल पुराने ट्रैक्टर और कृषि उपकरणों को सेवा में बनाए रखने तथा फसलों की खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य पर करने की मांग सरकार ने मान ली है। श्री सिंह ने बताया कि सरकार ट्रैक्टर और अन्य उपकरणों का उपयोग 10 वर्ष बाद भी जारी करने को लेकर राष्ट्रीय हरित न्यायाधिकरण में अपना पक्ष रखेगी। इसके साथ ही देश में व्यापक पैमाने पर न्यूनतम समर्थन मूल्य पर फसलों खरीद की जाएगी। इसके साथ ही अधिक से अधिक केंद्र स्थापित किए जाएंगे। फसलों की खरीद 3 माह तक की जाएगी। उन्होंने कहा कि मंडियों में फसलों की खरीद की बोली न्यूनतम समर्थन मूल्य से कम नहीं लगे, इसके लिए कानून में प्रावधान करने की सरकार से मांग की गई है।







