पूर्व सूचना आयुक्त नरेंद्र श्रीवास्तव ने दिलाई शपथ, संरक्षक पद भी किया स्वीकार; तुलसी व गेंदे के पौधे भेंट कर पत्रकारों का हुआ सम्मान
लखनऊ: पत्रकारों के अधिकारों, सम्मान और सुरक्षा को मजबूती देने के लिए उत्तर प्रदेश जिला मान्यता प्राप्त पत्रकार एसोसिएशन ने संगठन के विस्तार का बिगुल फूंक दिया है। कैसरबाग स्थित पंजीकृत कार्यालय में आयोजित एक गरिमामयी समारोह में ज़ुबैर अहमद ने प्रदेश अध्यक्ष और तौसीफ हुसैन ने प्रदेश सचिव के रूप में पद एवं दायित्वों की शपथ ली। मुख्य अतिथि, वरिष्ठ पत्रकार एवं पूर्व सूचना आयुक्त नरेंद्र श्रीवास्तव ने दोनों पदाधिकारियों को शपथ दिलाई।
सभी जिलों में होगा इकाइयों का गठन
पदभार ग्रहण करने के बाद प्रदेश अध्यक्ष ज़ुबैर अहमद ने स्पष्ट किया कि पत्रकारों का सम्मान और उनके हितों की रक्षा संगठन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने घोषणा की कि संगठन को धार देने के लिए जल्द ही प्रदेश के सभी जनपदों में जिला इकाइयों का गठन किया जाएगा, ताकि ग्रामीण और जिला स्तर के पत्रकारों की समस्याओं को शासन-प्रशासन के समक्ष मजबूती से उठाया जा सके। वहीं, प्रदेश सचिव तौसीफ हुसैन ने कहा कि पत्रकारों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए संगठन जल्द ही विशेष कार्यक्रम और पहल शुरू करेगा।
समारोह के मुख्य आकर्षण और संकल्प:
संरक्षक बने नरेंद्र श्रीवास्तव: अध्यक्ष ज़ुबैर अहमद के आग्रह पर पूर्व सूचना आयुक्त नरेंद्र श्रीवास्तव ने एसोसिएशन का संरक्षक पद स्वीकार करते हुए कहा कि सच्चे पत्रकारों के साथ जुड़ना उनके लिए सम्मान की बात है। उन्होंने लोकतंत्र के चौथे स्तंभ की सुरक्षा के लिए संगठित प्रयासों को समय की जरूरत बताया।
पर्यावरण और सम्मान का संदेश: समारोह में महामंत्री अब्दुल वहीद ने नई टीम को पूर्ण समर्थन देने का भरोसा जताया। इस दौरान कार्यक्रम में शामिल सभी पत्रकारों को एसोसिएशन की ओर से तुलसी और गेंदे के पौधे भेंट कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार मनीष मिश्रा, अज़ीज़ सिद्दीकी, डॉ. अशोक यादव, अभय अग्रवाल, संजय गुप्ता, एम. एम. मोहसिन, तारिक किदवई, वामिक खान, इरशाद राही, नजम एहसन, अबरार फारूखी, डॉ. ज़फ़र खान, भानु प्रताप सिंह, वसी अहमद, आमिर मुख़्तार, आरिफ मुक़ीम, राम बाबू, सज्जाद बाकर, अवधेश सोनकर, अमरजीत, मुख़्तार और सुरेंद्र सहित बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद रहे। अंत में सभी ने पत्रकार एकता और भाईचारे को कायम रखने का सामूहिक संकल्प लिया।







