शुरुआती कारोबार में बाजार में नरमी
मुंबई, 23 अक्टूबर 2018: शेयर बाजार में मंगलवार को लगातार चौथे दिन गिरावट का दौर देखा गया। शुरुआती कारोबार में बीएसई सेंसेक्स 34,000 अंक के स्तर से नीचे चला गया जबकि निफ्टी भी 10,200 अंक से कम पर रहा। ब्रोकरों के अनुसार इसकी अहम वजह घरेलू सांस्थानिक निवेशकों की बिकवाली, विदेशी पूंजी की सतत निकासी और एशियाई बाजारों का कमजोर रहना है।
रुपया भी शुरुआती कारोबार में मंगलवार को डॉलर के मुकाबले 23 पैसे टूटकर 73.79 पर रहा। बंबई शेयर बाजार का 30 कंपनियों के शेयरों पर आधारित सेंसेक्स 204.78 अंक यानी 0.60 प्रतिशत घटकर 33,929.60 अंक पर रहा।
पिछले तीन दिन में इसमें कुल 1,028 अंक की गिरावट दर्ज की गई. इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 73.40 अंक यानी 0.72 प्रतिशत गिरकर 10,171.85 अंक पर चल रहा है।
रुपया 23 पैसे कमजोर:
शुरुआती कारोबार में डॉलर के मुकाबले रुपया मंगलवार को 23 पैसे टूटकर 73.79 पर खुला। मुद्रा कारोबारियों के अनुसार आयातकों की ओर से डॉलर की मांग बढ़ने और विदेशी पूंजी की लगातार निकासी से भारतीय मुद्रा कमजोर पड़ी है। सोमवार को डॉलर के मुकाबले रुपया 24 पैसे कमजोर रहकर 73.56 पर बंद हुआ था।







