- मॉर्निंग वॉक पर न जायें, फैक्ट्रियां बंद रखने की सलाह
- वायु गुणवत्ता शुक्रवार, 26 अक्टूबर को गंभीर स्तर के पास पहुंची
नई दिल्ली, 27 अक्टूबर 2018: दिल्ली में दीपावली के दिन वायु की गुणवत्ता क्या होगी, इस बात का अंदाजा इस आप इस बात से लगा सकते है कि शुक्रवार, 26 अक्टूबर को दिल्ली में वायु गुणवत्ता गंभीर स्तर के पास पहुंच गयी थी। बता दें कि विशेषज्ञों द्वारा नवंबर में दिल्ली-एनसीआर में वायु गुणवत्ता के और खराब होने की आशंका जताई गयी है। इसका कारण उत्तर-पश्चिम की ओर से हवाओं के आने की आशंका को बताया गया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) ने शुक्रवार शाम वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 361 पर दर्ज किया। यह बेहद खराब श्रेणी में आता है और यह गंभीर श्रेणी से अधिक दूर नहीं है। आशंका जताई गयी है दिल्ली में हवा का स्तर दिवाली से पहले और दिवाली के बाद गंभीर स्तर को पार कर जा सकता है।

बता दें कि केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की दिल्लीवासियों को सलाह है कि नवंबर के शुरुआती दस दिनों तक घरों से कम से कम निकलें और मॉर्निंग वॉक पर भी ना जायें। इस क्रम में पर्यावरण प्रदूषण (रोकथाम और नियंत्रण) प्राधिकरण ने दिल्ली-एनसीआर में दस दिन तक निर्माण कार्य नहीं करने की भी सिफारिश की है। चार से 10 नवंबर तक कोल और बायोमास फैक्ट्रियां बंद रखने को कहा है।
खबरों के अनुसार केंद्र की वायु गुणवत्ता पूर्वानुमान और अनुसंधान प्रणाली ने भी एक्यूआई बेहद खराब श्रेणी का दर्ज किया है। सीपीसीबी के आंकड़ों के अनुसार, फरीदाबाद, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद और गुड़गांव में भी वायु गुणवत्ता का स्तर गुरुवार को बहुत खराब श्रेणी का दर्ज किया गया। हालांकि सोमवार को दिल्ली में वायु की गुणवत्ता में सुधार देखा गया था लेकिन बुधवार को फिर से स्थिति बदल गयी।







