- प्रदेश के औद्योगिक विकास का सपना तेजी से हो रहा है साकार : मुख्यमंत्री
- रेल पार्क की स्थापना से फतेहपुर विकास की मुख्य धारा में होगा शामिल
लखनऊ: 30 अक्टूबर, 2018: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार के सतत प्रयासों से प्रदेश के औद्योगिक विकास का सपना तेजी से साकार हो रहा है। 21 व 22 फरवरी, 2018 को लखनऊ में सम्पन्न यूपी इन्वेस्टर्स समिट में 4 लाख 68 हजार करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए थे। राज्य सरकार द्वारा इनमें से 60 हजार करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों को 29 जुलाई, 2018 को व्यावहारिक धरातल पर उतारा गया था। इसी प्रकार आगामी माह दिसम्बर, 2018 में और 01 लाख करोड़ रुपये के अन्य निवेश प्रस्तावों को भी मूर्त रूप दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री आज यहां इन्दिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित रेल पार्क इन्वेस्टर्स मीट के अवसर पर अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने रेल पार्क के ‘लोगो’ का लोकार्पण तथा रेल पार्क के थ्री डी माॅडल का अनावरण भी किया। कार्यक्रम के दौरान रेल पार्क की परिकल्पना और भविष्य की सम्भावनाओं के सम्बन्ध में एक फिल्म का प्रदर्शन भी किया गया।
उन्होंने कहा कि मानव विकास सूचकांक में पीछे होने के कारण फतेहपुर जनपद को नीति आयोग द्वारा पूरे देश के चयनित 115 आकांक्षात्मक जनपदों में शामिल किया गया है। ऐसे जनपद में लगभग 250 एकड़ क्षेत्रफल में निजी क्षेत्र में रेल पार्क की स्थापना सराहनीय और सम्भावनाओं से भरी है। इस मीट में रेल पार्क में निवेश हेतु अब तक 2300 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के 08 जनपद आकांक्षात्मक जनपदों की सूची में शामिल हैं। इन जनपदों के सर्वांगीण विकास के लिए राज्य सरकार द्वारा रोडमैप तैयार किया गया है। इन आठ जनपदों में से चार जनपदों में राजकीय मेडिकल काॅलेजों की स्थापना की जा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि एमएसएमई सेक्टर में उत्तर प्रदेश देश में पहले स्थान पर है। राज्य में इस सेक्टर की सम्भावनाओं को देखते हुए वर्तमान राज्य सरकार इस क्षेत्र से जुड़े उद्यमियों को बेहतर अवसर उपलब्ध करा रही है। इस सम्बन्ध में आज की कैबिनेट की बैठक में ‘एक जनपद-एक उत्पाद’ योजना के अन्तर्गत उद्यमियों को गुणवत्तापूर्ण उत्पादन तथा उत्पाद की ब्राण्डिंग और मार्केटिंग के लिए प्रस्ताव पारित किया गया है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में कनेक्टिविटी की स्थिति अच्छी है। राज्य के औद्योगिक विकास को गति प्रदान करने के लिए इसका और विस्तार किया जा रहा है। ईस्टर्न और वेस्टर्न फ्रेट काॅरिडोर प्रदेश में बड़े भू-भाग से गुजरेगा। पूर्वान्चल एवं बुन्देलखण्ड एक्सपे्रस-वे के निर्माण से कनेक्टिविटी की स्थिति और बेहतर हो जाएगी, जिससे आजादी के बाद से ही प्रदेश के पिछड़े रह गये क्षेत्र भी विकास की मुख्यधारा में शामिल हो जाएंगे। एयर कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए भी लगातार प्रयास किये जा रहे हैं। पूर्व में, प्रदेश के केवल तीन हवाई अड्डे क्रियाशील थे। वर्तमान में प्रयागराज, आगरा और कानपुर भी कार्यशील हो गये हैं। उड़ान योजना के तहत 11 नये एयरपोर्ट का निर्माण कराया जा रहा है। अगले वर्ष तक कुशीनगर हवाई अड्डे को अन्तर्राष्ट्रीय उड़ानों के लिए कार्यशील कर दिया जाएगा। जेवर में नये अन्तर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे का निर्माण कराया जा रहा है।
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए केन्द्रीय खाद्य प्रसंस्करण राज्य मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति ने कहा कि रेल पार्क की स्थापना से जनपद फतेहपुर को पहचान मिलेगी।
इस अवसर पर अपने सम्बोधन में औद्योगिक विकास मंत्री श्री सतीश महाना ने कहा कि उत्तर प्रदेश में अब औद्योगिक विकास के एक नये युग की शुरुआत हो गयी है। जनपद फतेहपुर के रेल पार्क की भांति अन्य क्षेत्रों में भी औद्योगिक पार्क विकसित किये जाएंगे।






