राजन ने दी सलाह: आरबीआई को राहुल द्रविड़ की तरह होना चाहिए न कि नवजोत सिंह सिद्धू की तरह
नई दिल्ली, 07 नवंबर 2018: केंद्र सरकार और आरबीआई बीच लगातार जारी टकराव के बीच केंद्रीय बैंक के पूर्व गवर्नर रघुराम राजन ने कहा है कि मौजूदा परिस्थिति में आरबीआई को राहुल द्रविड़ की तरह होना चाहिए न कि नवजोत सिंह सिद्धू की तरह। राजन ने कहा कि आरबीआई को बयान देने वाला नहीं बल्कि धीर-गंभीर रहना चाहिए।
इकोनॉमिक टाइम्स को दिए साक्षात्कार में राजन ने कहा कि मौजूदा परिस्थित ऐसी है कि आरबीआई कार की सीट बेल्ट की तरह है। यदि आपको सुरक्षा की जरूरत है तो इसे पहनें या इसे न पहनने का फैसला आपका है। सीट बेल्ट दुर्घटना से बचाव के लिए जरूरी होता है।
आरबीआई वित्तीय स्थिरता पर फोकस करता है
उन्होंने कहा कि रुपये का सही स्तर क्या हो, इसके बारे में कुछ नहीं कह सकते, पर फोकस रुपये के स्तर पर नहीं, बल्कि उन चीजों पर होना चाहिए, जो इसे उपयुक्त स्तर पर रखने में सहायक हो।
राजन ने कहा कि सेक्शन सात का इस्तेमाल नहीं किया जाना अच्छी खबर है। अगर सेक्शन 7 का इस्तेमाल किया गया, तो दोनों के बीच संबंध बदतर हो जाएंगे, जो चिंता की बात होगी। उन्होंने कहा कि सरकार विकास को बढ़ावा देने के बारे में सोचती है, तो आरबीआई वित्तीय स्थिरता पर फोकस करता है। आरबीआई के पास ना कहने का अधिकार है क्योंकि वह स्थिरता बरकरार रखने के लिए जिम्मेदार है। यह राजनीतिक प्रदर्शन या अपना हित साधने का साधन नहीं है।
उन्होंने कहा कि केंद्र और आरबीआई एक दूसरे के विचारों से असहमत हो सकते हैं, लेकिन फिर भी एक दूसरे के अधिकार क्षेत्र का सम्मान करना होगा। वित्तीय संकट की स्थिति में आरबीआई को फैसला लेना होगा कि एनबीएफसी तरलता की समस्या से जूझ रही है या सॉल्वेंसी के मुद्दे से, करदाताओं के पैसे से निजी इकाइयों को बेल आउट करने से समस्याएं खड़ी होंगी।







