संघर्ष समिति ने कहा कि पीड़िता के परिवार को सरकार दे 1 करोड़ का मुआवजा
लखनऊ, 23 दिसम्बर 2018: आरक्षण बचाओ संघर्ष समिति उप्र का 25 सदस्यीय प्रतिनिधि मण्डल आज रविवार लखनऊ से आगरा पहुंचकर पीड़ित परिवार के गांव लालवु पहुंचा और वहां संजलि के परिवार से मिलकर उन्हें सांत्वना दी, एवं संघर्ष समिति की तरफ से पीड़िता के पिता श्री हरेन्द्र सिंह जाटव को 50 हजार की आर्थिक सहायता प्रदान की। इसके साथ ही उन्होंने दोषियों को सजा दिलाने के लिये विधिक पैरवी हेतु आर्थिक सहयोग एवं पीड़िता की बड़ी बहन अंजलि की भविष्य में शादी के अवसर पर भी पूरी मदद का आश्वासन दिया।

बता दें कि संघर्ष समिति के गांव पहुंचते ही आगरा मण्डल आरक्षण बचाओ संघर्ष समिति के सैकड़ों सदस्य भी प्रान्तीय संयोजक मण्डल के साथ पीड़ित परिवार के गांव पहुंचें। संघर्ष समिति ने पुनः यूपी सरकार से यह मांग दोहरायी कि दोषियों को अविलम्ब गिरफ्तार कराकर सख्त सजा दिलवायी जाये। पूरे प्रदेश का 8 लाख आरक्षण समर्थक कार्मिक संजलि जाटव के परिवार के साथ, हर सहायता कें लिये रहेगा सदैव तत्पर। संघर्ष समिति के नेता उस घटना स्थल पर भी गए, जहां पर संजलि को जलाया गया था।
पीड़िता के परिवार से मिलने के बाद आरक्षण बचाओ संघर्ष समिति,उप्र के संयोजक अवधेश कुमार वर्मा, आरपी केन, अनिल कुमार, श्यामलाल, अन्जनी कुमार, एसपी सिंह, योगेश कुमार, लोकेश कुमार, जसवन्त सिंह, जेपी वर्मा, बनी सिंह, प्रेम चन्द्र, अशोक सोनकर ने कहा जैसाकि पीड़िता के पिता व माता से बात करने के बाद उनके द्वारा संघर्ष समिति को यह बताया गया कि उप्र सरकार द्वारा पीड़ित परिवार को जो 5 लाख की सहायता मुख्यमंत्री द्वारा घोषित की गयी है, वह मेरी पारिवारिक स्थिति को देखते हुए बहुत कम है। इस संवेदनशील जघन्य घटना को देखते हुए मेरे परिवार की मांग है कि उप्र सरकार मेरे परिवार को और अधिक मुआवजा मानवीय आधार पर 1 करोड़ दिये जाने पर विचार करे और उप्र सरकार मेरे परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दे।
संघर्ष समिति के नेताओं ने कहा कि पीड़िता के परिवार की मांग को प्रदेश के मुख्यमंत्री को भेजकर पीड़िता के परिवार की मांग को पूरा कराने का भरसक प्रयास किया जायेगा।







