शो के तीसरे सीजन में थीम होगी स्वच्छता और स्वास्थ्य –रक्षा पर चर्चा
मुंबई, 11 जनवरी 2019: देशभर में लोगों की ज़िन्दगियों पर प्रभाव डालने के बाद, पॉपुलेशन फाउंडेशन ऑफ़ इंडिया का लोकप्रिय एडुटेनमेंट शो ‘मैं कुछ भी कर सकती हूं’ टेलीविज़न पर जल्द ही वापसी करने के लिए तैयार है। यह इसका तीसरा सीजन होगा, जबकि इसके दूसरा सीज़न युवाओं और महिलाओं पर ध्यान केंद्रित किया गया था। अब तीसरे सीज़न में शो की नायिका डॉ स्नेहा माथुर सशक्तिकरण, सामुदायिक नेतृत्व वाली पहल, समानता पर ध्यान देंगी।
तीसरे सीज़न के पहले 26 एपिसोड में स्वच्छता और स्वास्थ्य-रक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। ‘मैं देश का चेहरा बदल दूँगी’ इस नए स्लोगन के साथ शो का तीसरा सीजन जल्दी ही वापसी कर रहा है। शो के निर्माता फ़िरोज़ अब्बास ख़ान कहते हैं, “मैं कुछ भी कर सकती हूं’ की खासियत यह है कि यह कार्यक्रम प्रचार न करते हुए मनोरंजन का इस्तेमाल करता है और समाज में बदलाव लाने का काम करता हैं। हमारे गांवों में मौन क्रांति हो रही है और ज्यादा से ज्यादा शौचालय का निर्माण हो सकता है। लेकिन हमें यह भी सुनिश्चित करने की आवश्यकता है कि उनका उपयोग किया जाए। ”
पॉपुलेशन फाउंडेशन ऑफ़ इंडिया की कार्यकारी निर्माता पूनम मुतरेजा कहती हैं, “स्वच्छता और स्वास्थ्य-रक्षा से संबंधित मान्यताओं और प्रथाओं को सामाजिक मानदंडों से एक अटूट रूप से जोड़ा जाता है जो सभी को स्वस्थ जीवन के समान हक़ से वंचित रखते हैं। हम इन प्रतिगामी मानदंडों का सामना करना चाहते हैं।” ‘मैं कुछ भी कर सकती हूं’ एक युवा डॉक्टर, डॉ. स्नेहा माथुर की प्रेरक यात्रा है, जो मुंबई में अपने आकर्षक करियर को छोड़ देती है और अपने गांव में काम करने का फैसला करती है।






