स्वीडिश-बेल्जियन फिल्म ‘आउट ऑफ फैशन’ में निभाएंगे बीमार पिता का किरदार, करियर और परिवार के बीच संघर्ष की भावनात्मक दास्तान पर्दे पर उतरेगी
मुंबई। दिग्गज अभिनेता अनुपम खेर अब अंतरराष्ट्रीय फिल्म ‘आउट ऑफ फैशन’ में एक अहम भूमिका निभाते नजर आएंगे। स्वीडिश निर्देशक जेंस जॉनसन के निर्देशन में बन रही इस फिल्म की कहानी पेरिस की फैशन इंडस्ट्री से शुरू होकर हिमालय तक पहुंचती है। फिल्म में अभिनेता-लेखक सुनील मुंशी मुख्य भूमिका में हैं।
कहानी अरमांड कैसर नाम के एक भारतीय मूल के फैशन डिजाइनर की है, जिसका शानदार करियर उस समय मुश्किल में पड़ जाता है, जब उसे महज तीन सप्ताह में नया फैशन कलेक्शन तैयार करने की चुनौती मिलती है। इसी बीच स्वीडन से पिता की गंभीर बीमारी और बहन की पारिवारिक जिम्मेदारियों से जुड़ी खबरें उसे करियर और परिवार के बीच चुनाव करने पर मजबूर कर देती हैं। पिता की अंतिम इच्छा पूरी करने के लिए अरमांड हिमालय की यात्रा पर निकल पड़ता है, जहां उसके जीवन की प्राथमिकताएं नए मायने लेने लगती हैं।
फिल्म में अनुपम खेर अरमांड के बीमार पिता की भूमिका निभाएंगे। इसकी पटकथा सुनील मुंशी के व्यक्तिगत अनुभवों और अपने पिता के साथ उनके रिश्ते से प्रेरित है। फिल्म पारिवारिक संबंधों, सांस्कृतिक पहचान और पीढ़ियों के बीच भावनात्मक जुड़ाव को अंतरराष्ट्रीय परिप्रेक्ष्य में प्रस्तुत करेगी।
निर्देशक जेंस जॉनसन टेलीविजन में सात साल काम करने के बाद फीचर फिल्मों में वापसी कर रहे हैं। उनकी फिल्म ‘द किंग ऑफ पिंग पॉन्ग’ को सनडांस फिल्म फेस्टिवल में ग्रैंड जूरी पुरस्कार मिल चुका है। फिल्म में बहार पार्स, हेलेना बर्गस्ट्रॉम, क्रिस्टा कोसोनेन और एस्ट्रिड व्हेटनॉल भी नजर आएंगे।
स्वीडन और बेल्जियम के सहयोग से बन रही इस फिल्म की शूटिंग अक्टूबर से दिसंबर 2026 के बीच स्टॉकहोम, साला, ब्रसेल्स और पेरिस में प्रस्तावित है। फिल्म की रिलीज 2028 की शुरुआत में होने की उम्मीद है।







