नई दिल्ली, 02 अप्रैल 2019: लागत बढ़ने तथा अन्य आर्थिक कारणों से कई कंपनियों के वाहन एक अप्रैल से मंहगी हो गयी है। इनमें महिंद्रा एंड महिंद्रा, टाटा मोटर्स, टोयोटा, निसान इंडिया और रेनो जैसी कंपनियां शामिल हैं। टाटा मोटर्स ने पिछले सप्ताह अपने वाहनों के दाम एक अप्रैल से 25 हजार रूपए तक बढ़ाने की घोषणा की थी। कंपनी ने लागत खर्च बढ़ने तथा बाह्य आर्थिक परिस्थितियों को कीमतें बढ़ाने का कारण बताया था।
कंपनी अभी नैनो से लेकर प्रीमियम एसयूवी हेक्सा तक बेचती है जिनकी कीमत 2.36 लाख रूपए से 18.37 लाख रूपए तक है। टाटा मोटर्स के अध्यक्ष (यात्री वाहन कारोबारी इकाई) मीडिया ख़बरों के अनुसार मयंक पारीक ने कहा था, ‘‘बाजार की बदलती परिस्थितियां, लागत का बढ़ता खर्च और विभिन्न बाहरी आर्थिक कारकों ने हमें कीमत बढ़ाने पर विचार करने को मजबूर किया है। ‘महिंद्रा एंड महिंद्रा’ ने भी अपने वाहनों की कीमतें अप्रैल से पांच हजार रपए से 73 हजार रपए तक बढ़ाने की पिछले सप्ताह घोषणा की थी।
कंपनी ने कहा था कि वाहनों की कीमतों में अप्रैल से 0.5 प्रतिशत से 2.7 प्रतिशत की वृद्धि की जाएगी। निसान इंडिया डैटसन गो और गो प्लस के दाम एक अप्रैल से चार प्रतिशत तक बढ़ाने वाली है। फ्रांस की कार कंपनी रेनो अप्रैल से क्विड के दाम तीन प्रतिशत बढ़ाएगी। इनके अलावा टोयोटा किलरेस्कर मोटर ने भी नए वित्त वर्ष से कुछ माडलों के दाम बढ़ाने की घोषणा की है। इसके अलावा भविष्य में मोटरसाइकिलों के दाम भी बढ़ सकते हैं।







