- आप पार्टी ने कहा तो फिर इन्ही नतीजों से बना ले प्रधानमंत्री, चुनाव की क्या जरुरत हैं
- कांग्रेस ने कहा, नतीजों पर भरोसा नहीं, यह एग्जिट पोल सिर्फ आंकलन
नई दिल्ली, 20 मई 2019: विभिन्न एग्जिट पोल में भाजपा के नेतृत्व वाले राजग की पूर्ण बहुमत की सरकार बनने के अनुमान से उत्साहित पार्टी के नेताओं ने कहा कि पहले से ही भाजपा को 300 से अधिक सीटें मिलने का भरोसा है, जबकि कांग्रेस ने कहा कि यह सिर्फ आकलन है जो पहले कई बार गलत साबित हुआ है।
भाजपा प्रवक्ता सैयद शाहनवाज हुसैन ने मतदान के बाद हुए सव्रेक्षणों को सही बताया और कहा कि चुनाव नतीजे आने पर पार्टी को इससे भी ज्यादा सीटों पर जीत मिलेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस चुनाव प्रचार के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चोर बताकर गाली देती रही है, लेकिन जनता ने उसको जवाब दे दिया है। भाजपा नेता ने कहा कि जिन सीटों को लक्ष्य बनाया गया था, उनमें भाजपा जीत हासिल कर रही है।
वहीं, कांग्रेस प्रवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी ने कहा कि एग्जिट पोल सिर्फ आकलन है और यह अंतिम सत्य नहीं है। उन्होंने कहा कि इससे पहले कई बार एग्जिट पोल गलत साबित हुए हैं। सिंघवी ने दिल्ली विधानसभा चुनाव के समय के पोल का उदाहरण दिया और कहा कि उस समय एग्जिट पोल में भाजपा को 23 से 39 सीटें दी गई थीं, लेकिन उसे मिली सिर्फ तीन सीटें। इसी तरह से बिहार में 2015 के चुनाव में राजग को 111 से 115 सीटों पर जीतता हुआ दिखाया गया था, लेकिन उसे महज 58 सीटों पर जीत मिली थी। कांग्रेस नेता मणिशंकर अय्यर ने कहा कि यह कहना जल्दबाजी होगा कि भाजपा सत्ता में लौट रही है।
उन्होंने कहा, ‘यह मात्र आकलन ही है। अभी बहुत वक्त लगेगा यह समझने में कि एग्जिट पोल क्या कह रहा है। कल ही मुझे कोई विदेशी पत्रकार कह रहा था कि भारत में करीब 95 फीसद एग्जिट पोल के रिजल्ट गलत निकलते हैं। इसीलिए मैं इन पर बहुत ज्यादा निर्भर नहीं रहता हूं।’
नेकां के नेता तथा जम्मू कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने एग्जिट पोल पर हताशा जताई और कहा कि मतदान बाद चुनावी सव्रेक्षणों को देखने के बजाय टीवी बंद करने चाहिए और सोशल मीडिया को लॉग आउट कर देना चाहिए।







