कल देखा जायेगा ईद का चांद, अगर चांद दिख गया तो बुधवार को मनाई जाएगी ईद
लखनऊ, 03 जून 2019: राजधानी के बाज़ारों में ईद की रौनक है लोग खरीददारी को लेकर काफी उत्साहित हैं।ईद का चांद मंगलवार को देखा जायेगा अगर चांद दिख गया तो बुधवार को ईद का त्योहार मनाया जायेगा। ईद की खरीदारी को लेकर बाजारों में काफी भीड़-भाड़ और रौनक शबाब पर है। बाजारों में खरीदार महिला के साथ पुरषों की भीड़ काफी बढ़ी हुई है।
बता दें कि ईद की आहट को लेकर बाजार गुलजार है बाजार नये-नये कपड़ों से लेकर सेवइयों व पकवान बनाने के सामानों सहित क्रॉकरी,ज्वेलरी जूता-चप्पलों की लोग खरीदरियों में जुटें है। मंगलवार 7 मई से रमजान का आगाज हआ था और आज 27 रोजे पूरे हो गये हैं एक-दो रोजे और बचें है। ईद की खरीदारी के लिए पुराने शहर के बाजार रात भर खुल रहे हैं। इससे रौनक बढ़ गयी है। जगह-जगह नये-नये कपड़ों और जूतों के अलावा महिला प्रसाधन के सामानों की दुकाने सजीं हैं।

अकबरी गेट, नक्खास, खदरा, मौलवीगंज, विक्टोरिया स्ट्रीट आदि में सिवई की दुकान सजी है। इस बार ईद के लिए शाही जमजम, जाफरानी, मुन्नका, बनारसी और बनारसी गोला सिवई बिक रही है। चौक में इजहार एण्ड संस सहित कई इत्र की दुकानों पर हिना, शमामा, संगे असवत, अल हबीब, सेहरा, महफिल, खुशनुमा और जन्नतुल फिरदौस बिक रहा है। शहर के साथ-साथ आस-पास शहर और गावं के लोग भी खरीदारी करने उमड़ रहे हैं। ईद की नमाज अदा करने के लिए दुकानों पर नमाज के लिए सुन्दर टोपियों की कई किस्में देखी जा सकती है। आकर्षक रंग और डिजाईन की हुई टोपियां काफी बिक रही है। लखनवीं चिकन और बनारस की साड़ियां भी लोग खरीद रहे है।
चूड़ी वाली गली में कई दुकानों पर जरकन, मेटल, ब्रास की चूड़िया बिक रही हैं इसके अलावा हैदराबादी लॉक, कड़े और चूड़ियों के सेट 60 रूपये लेकर चार सौ रूपये में बिक रहे हैं। इसके अलावा आर्टीफीशियल ज्वैलरी की दुकाने भी सजीं हैं। जहां हार, बुन्दा,माला, ब्रेसलेट,एयर रिंग और पायल बिक रहे है। इन्हीं दुकानदारों के साथ-साथ ईद की सिवई खाने के लिए चीनी-मिट्टी के प्याले और स्टील के चम्मचों सहित कई तरह के बर्तनों की बिक्री भी जोरों देर रात ईद के सामानों की बिक्री करने वाले अकबरी गेट के बाद अमीनाबाद और नजीराबाद के बाजारों में पर्दानशीन औरतों को खरीदारी करते हुए देखा जा सकता है।







