बिश्केक : संगठन की बैठक किर्गीज गणराज्य की राजधानी बिश्केक में 13-14 जून को होगी
नई दिल्ली, 07 जून 2019: शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के अगले सप्ताह होने वाले शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तथा पाकिस्तानी प्रधानमंत्री इमरान खान के बीच द्विपक्षीय बैठक का कोई कार्यक्रम नहीं है। मीडिया रिपोर्ट्स और विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार ने गुरुवार को यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा, मेरी जानकारी के अनुसार प्रधानमंत्री मोदी तथा पाकिस्तानी प्रधानमंत्री के बीच किसी द्विपक्षीय बैठक की योजना नहीं है। संगठन की बैठक किर्गीज गणराज्य की राजधानी बिश्केक में 13-14 जून को होनी है।
कुमार ने यह भी स्पष्ट किया कि संगठन के विदेश मंत्रियों की पिछले माह हुई बैठक के दौरान तत्कालीन विदेश मंत्री सुषमा स्वराज तथा पाकिस्तानी विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी के बीच भी कोई बैठक नहीं हुई थी। दोनों नेताओं ने सिर्फ एक-दूसरे का अभिवादन किया था। बता दें कि भारत ने जनवरी 2016 में पठानकोट वायु सेना अड्डे पर हुए आतंकवादी हमले के बाद से पाकिस्तान के साथ द्विपक्षीय वार्ता नहीं की है। सरकार का कहना है कि आतंकवाद और बातचीत एक साथ नहीं चल सकते। बातचीत के लिए पाकिस्तान को अपने क्षेत्र से आतंकवादी गतिविधियों को रोक कर उचित माहौल बनाना होगा।
पाकिस्तान के विदेश सचिव सुहैल महमूद की नई दिल्ली यात्रा के दौरान भारतीय अधिकारियों से मुलाकात के बारे में पूछे जाने पर प्रवक्ता ने कहा कि उनकी यात्रा निजी है और भारतीय अधिकारियों के साथ उनकी कोई बैठक नहीं होनी है। इससे पहले महमूद भारत में पाकिस्तान के उच्चायुक्त रह चुके हैं।
उन्होंने बुधवार को ईद की नमाज जामा मस्जिद में अता की थी। वह शुक्रवार को परिवार के साथ इस्लामाबाद लौट जाएंगे।







