सीएमएस गोमती नगर ऑडिटोरियम में ‘विश्व एकता सत्संग’
लखनऊ,16 जून 2019: सिटी मोन्टेसरी स्कूल, गोमती नगर ऑडिटोरियम में आयोजित ‘विश्व-एकता सत्संग’ में बोलते हुए सीएमएस की संस्थापिका-निदेशिका एवं बहाई अनुयायी डा. भारती गाँधी ने कहा कि हम सब एक ही बगिया के फूल हैं तथा हम सबका एक ही कुटुम्ब है अर्थात पूरी दुनिया ही हमारा परिवार है। अतः हमें ईश्वर का आदेश है कि विश्व की एक सरकार बने, देशों से लड़ाइयाँ बन्द हों व प्रत्येक नागरिक को रोटी, कपड़ा, मकान, शिक्षा एवं चिकित्सा उपलब्ध हो।
डा. भारती गाँधी ने आगे कहा कि हमें अपनी शारीरिक आवश्यकताओं की पूर्ति के साथ-साथ अपनी आत्मा के उत्थान व विकास का भी सत्त प्रयास करते रहना चाहिए और यह कार्य प्रभु की भक्ति, प्रभु से प्रेम करके और परमात्मा की शिक्षाओं व आज्ञाओं को मानने से संभव हो सकता है।
‘विश्व एकता सत्संग में विभिन्न धर्मावलम्बियों ने भी सारगर्भित विचार रखे। बहाई धर्मानुयाई श्रीमती
बी. मोहाजिर ने कहा कि सभी अवतारों ने वहाँ का जीवन अत्यन्त शानदार बताया है। आत्मा के उत्थान के
लिए अपने युग के अवतार को पहचाना तथा उनकी शिक्षाओं का पालन करना जरूरी है।






