पप्पू यादव ने चमकी बुखार, अपराध और जल संकट के मुद्दे को लेकर की महामहिम राज्यपाल से मुलाकात
पटना, 28 जून 2019: सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने आज छह सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल के साथ महामहिम राज्यपाल लालजी टंडन से मुलाकात की। इस दौरान श्री यादव ने उन्हें ज्ञापन के माध्यम से चमकी बुखार व लू से सैकड़ों लोगों एवं मासूम बच्चों की मौत में स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही, जागरूकता अभियान में कमी, आधारभूत संरचना के साथ – साथ डॉक्टरों – नर्सों एवं दवाईयों में कमी, ईलाज में कोताही और राज्य व केंद्र सरकार की नियत और नीतियों में कमी की ओर ध्यान आकृष्ट कराया और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई करने का आग्रह किया।
इस दौरान करीब एक घंटे तक चली मुलाकात के बाद महामहिम राज्यपाल लालजी टंडन ने उक्त मामलों में जाप (लो) के प्रतिनिधियों को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया और कहा कि प्रधानमंत्री और माननीय सर्वोच्च न्यायालय ने भी इस मामले पर गंभीरता दिखाई है। रिपोर्ट आ जाने पर हम इस पर संज्ञान लेंगे। इससे पहले पप्पू यादव ने कहा कि मुजफ्फरपुर,वैशाली समेत राज्य के विभिन्न जिलों में पिछले 10 सालों में चमकी बुखार से हजारों मासूमों की जान जाती रही है।
हर साल गर्मी के मौसम में हुई मौत को लीची खाने से हुई मौत बता कर इस पर पर्दा डाल दिया जाता है। जबकि पिछले 100 सालों से मुजफ्फरपुर ही नहीं, अन्य जगहों पर लीची खाई जाती रही है। लेकिन अन्य जगहों पर इससे बीमारी की बात सामने नहीं आई। क्या कारण है कि मरने वाले बच्चों में अधिकतर दलित, अतिपिछड़े और गरीब वर्ग के बच्चे होते हैं और ये बच्चे कुपोषण और भूखमरी के शिकार हैं। सरकार ने इस मानव जनित बीमारी को अपनी लापरवाही से प्रकृति पर निर्भर रहने वाली नियती बताकर बरसात का इंतजार करते हैं, जो किसी भी दृष्टिकोण से सही नहीं है।
पप्पू यादव ने कहा कि ये डिजास्टर पैदा किया गया है। इस पर कार्रवाई सुनिश्चित होनी चाहिए। उपर से नीचे तक जो भी इसमें संलिप्त है, उन पर कार्रवाई हो। केजरीवाल अस्पताल की मान्यता रद्द हो, क्योंकि बीते दिनों वहां डॉक्टरों द्वार पत्रकारों और आम लोगों की जमकर पिटाई कराई गई थी। इसके अलावा बच्चों की मौत के लिए जिम्मेदारी तय हो। मंत्री और संत्री पर 302 का मुकदमा चले ।सत्ता और विपक्ष के समय में बच्चों की मौतें हुए हैं।
प्रतिनिधिमंडल में पप्पू यादव के साथ राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघुपति सिंह, राष्ट्रीय प्रधान महासचिव एजाज अहमद, प्रदेश अध्यक्ष अध्यक्ष पूर्व मंत्री अखलाक अहमद, राष्ट्रीय महासचिव सह प्रवक्ता प्रेमचंद्र सिंह, राघवेंद्र सिंह कुशवाहा और राष्ट्रीय महासचिव राजेश रंजन पप्पू शामिल थे।






