लखनऊ की ऐतिहासिक इमारतों को देखकर प्रभावित हुए विदेशी छात्र
लखनऊ,29 जून 2019: सीएमएस की मेजबानी में चल रहे 8-दिवसीय अन्तर्राष्ट्रीय सी.आई.एस.वी. यूथ मीटिंग के के लिए ब्राजील, चेक रिपब्लिक, इण्डोनेशिया, स्पेन एवं भारत के मेहमान छात्रों ने आज लखनऊ भ्रमण किया और लखनऊ की ऐतिहासिक इमारतों, साँस्कृतिक विरासत व गंगा-जमुनी तहजीब से भी रूबरू हुए। विभिन्न देशों से आएं इन नन्हें मेहमानों ने लखनऊ भ्रमण के दौरान बड़ा इमामबाड़ा, छोटा इमामबाड़ा एवं अन्य दर्शनीय स्थलों की सैर की, साथ ही लखनऊ के लजीज जायके का आनन्द भी उठाया।
सीएमएस के श्री हरि ओम शर्मा ने बताया कि अन्तर्राष्ट्रीय सी.आई.एस.वी. यूथ मीटिंग ‘लेट्स वर्क इट आउट’ का आयोजन 24 जून से 1 जुलाई तक किया जा रहा है। यह अन्तर्राष्ट्रीय युवा मीटिंग ‘कान्फ्लिक्ट एण्ड रिजोल्यूशन’ विषय पर आयोजित की जा रही है जिसमें ब्राजील, चेक रिपब्लिक, इण्डोनेशिया, स्पेन एवं भारत के 12 से 13 वर्ष उम्र के छः सदस्यीय बाल दल अपने टीम लीडर के नेतृत्व में प्रतिभाग करने लखनऊ पधारे हैं। प्रत्येक छात्र दल में तीन बालक व तीन बालिकाएं सम्मिलित हैं। इस अन्तर्राष्ट्रीय युवा मीटिंग का उद्देश्य सम-सामयिक विषयों पर विभिन्न देशों के नन्हें-मुन्हें बच्चों के विचारों को प्रमुखता देना एवं शान्ति-शिक्षा की विचारधारा को बढ़ावा देना है।







