असमाजिक तत्वों से महिलाओं और बच्चियों में दहशत
लखनऊ,14 जुलाई 2019: सपा अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आरोप लगाया है कि प्रदेश में बेखौफ अपराधी जेलों से काले धंधे चला रहे हैं। उन्होंने कहा राज्य में आए दिन हो रही लूट, हत्या, अपहरण और बलात्कार की घटनाएं कानून व्यवस्था की स्थिति पर सवालिया निशान लगा रही हैं।
श्री यादव ने शुक्रवार को यहां जारी बयान में कहा कि अपराधियों में कानून का खौफ नहीं दिखाई देता है। जेलों तक से उनके काले धंधे चल रहे हैं। खासतौर से महिलाओं और बच्चियों में दहशत है क्योंकि असामाजिक तत्वों पर कोई नियंत्रण नहीं है। भाजपा का एंटी रोमियो स्क्वाड नाम लेने भर को रह गया है।
पूर्व मुख्यमंत्री श्री यादव ने कहा कि यूपी में योगी राज में पुलिस रक्षक नहीं, बल्कि भक्षक बन चुकी है। इसका जीता जागता उदाहरण एटा के आवागढ़ के नगला राजा निवासी एक महिला को डरा-धमकाकर दो पुलिसकर्मियों ने अपनी हवश का शिकार बनाया जाना है। यह सिलसिला पांच माह तक चलता रहा। महिला और उसका पति तथा परिवार के लोग पुलिस के डर से गांव छोड़ गए हैं। एटा पुलिस के दारोगाओं द्वारा महिला से बलात्कार की घटना घोर निंदनीय है।
उन्होंने कहा कि लखनऊ में सरोजनीनगर में कार सवार दो युवकों ने व्यापारी की नकदी लूट ली। सचिवालय के समीक्षा अधिकारी का रिश्वतखोरी में पकड़ा जाना। अलीगढ़ में होटल में बलात्कार की घटना। हनुमतनगर (अयोध्या) के पूरा कलंदर थाना क्षेत्र के गांव में युवती से दुष्कर्म की कोशिश और उसे जान से मारने की धमकी दी गई। लखनऊ के निगोहां थाना क्षेत्र में छह वर्ष की मासूम से दुष्कर्म की कोशिश की गई। लखनऊ में डीजीपी कार्यालय में तैनात सिपाही ने किशोरी से छेड़छाड़ की, जिसकी रिपोर्ट पारा थाने में दर्ज कराई गई है।
श्री यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में सरकार के लोग ही महिलाओं की इज्जत तार-तार करने में लगे हैं। किशोरियों में तो इतना भय व्याप्त हो गया है कि बहुतों ने अपनी पढ़ाई भी छोड़ दी है। उनका घर से निकलना मुश्किल हो गया है। उन्होंने कहा कि जान-माल और सम्मान की सुरक्षा कौन कहे मूल प्रश्न है कि क्या यूपी में कानून का राज भी है?







