देश के सबसे अमीर व्यक्ति रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी अब एशिया के दूसरे सबसे अमीर शख्स बन गए हैं। सम्पत्ति के मामले में उन्होंने यह छलांग हाल में ही 4 जी फीचर फोन की लॉन्चिंग के बाद लगाई है। ब्लूमबर्ग बिलियनेयर इंडेक्स के ताजा आंकड़ों में मुकेश अंबानी ने हांगकांग के ली का-शिंग को पछाड़ते हुए एशिया के दूसरे सबसे रईस व्यक्ति का स्थान हासिल कर लिया है।
इंडेक्स के मुताबिक मौजूदा समय में एशिया में सबसे अमीर अलीबाबा कंपनी के मालिक जैक मा हैं। उनकी संपत्ति 43.7 अरब डॉलर आंकी गई है और 2017 के दौरान उनकी संपत्ति में 10.4 अरब डॉलर का इजाफा हुआ है।
ब्लूमबर्ग बिलिनयर्स सूचकांक के मुताबिक रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर के रिकॉर्ड उच्च स्तर पर पहुंचने से अंबानी के खाते में इस वर्ष 12.1 अरब डॉलर की पूंजी जुड़ी जिससे उनकी कुल संपत्ति 34.8 अरब डॉलर की हो गई है। रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड के चेयरमैन मुकेश अंबानी साल 2008 से 2012 तक एशिया के सबसे अमीर व्यक्ति थे। हालांकि चीन के जैक मा और हॉन्गकॉन्ग के ली ने उन्हें पीछे छोड़ दिया था।







