नई दिल्ली, 14 मार्च, 2020: इस समय दुनिया बुरी तरह से कोरोना के संकट से गुजर रही है इसके चलते सरकारें देश में बचाव के हर इंतजाम कर रही है। बता दें कि भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज के बाकी दो मैचों को रद्द कर दिया गया है. बीसीसीआई ने कोरोना वायरस के बढ़ते खतरे को देखते हुए ये फैसला लिया.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार ये जानकारी बीसीसीआई के एक अधिकारी ने दी. भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच बाकी दो वनडे मैच लखनऊ और कोलकाता में होने तय थे. साउथ अफ्रीका के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज का पहला मैच बारिश की भेंट चढ़ गया था. यह मैच बिना कोई गेंद फेंके ही रद्द करना पड़ा. दूसरी तरफ कोरोना वायरस के भयावह प्रभाव का नतीजा है कि सीरीज के बाकी बचे दो मैच नहीं कराने का फैसला किया गया है.
गुरुवार को धर्मशाला वनडे धुल जाने के बाद बीसीसीआई ने कहा था कि सीरीज को बाकी दोनों मुकाबले बंद दरवाजे के बीच खाली स्टेडियम में कराए जाएंगे. दरअसल, तब खेल मंत्रालय ने बीसीसीआई सहित अन्य राष्ट्रीय महासंघों को साफ तौर पर कहा था कि कोरोनो वायरस के खतरों के बीच अगर देश में किसी भी टूर्नामेंट का आयोजन किया जाता है, तो उसे बंद दरवाजे के बीच करना होगा.
15 अप्रैल तक आईपीएल भी टला
इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 13वें सीजन का आगाज अब 29 मार्च को नहीं होगा। कोरोना वायरस के खतरे को देखते हुए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने टूर्नामेंट को फिलहाल 15 अप्रैल तक के लिए टाल दिया है। पहले आईपीएल का आगाज 29 मार्च को मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के बीच मैच के साथ होना था, जो मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाना था। अब 15 अप्रैल तक आईपीएल का आगाज नहीं होगा।
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने आईपीएल को रिशेड्यूल करने का फैसला लिया है। इससे पहले दिल्ली सरकार का कोविड-19 (कोरोना वायरस) महामारी के मद्देनजर शहर में आईपीएल मैचों के आयोजन कराने की अनुमति नहीं देने का फैसला सुनाया था।
बीसीसीआई की ओर से जारी प्रेस रिलीज में कहा गया, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने मौजूदा हालात को देखते हुए 15 अप्रैल 2020 तक के लिए आईपीएल को स्थगित कर दिया है।







