डॉ दिलीप अग्निहोत्री
लॉक डाउन और कोरोना से बचाव हेतु सरकार व्यापक गतिविधियां संचालित कर रही है। इसमें इलाज व्यवस्था के साथ ही जरूरतमंदों तक भोजन पहुंचाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसके मद्देनजर सरकार ने कम्युनिटी किचेन की व्यापक योजना भी शुरू की है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी जिला प्रशासन को इस संबन्ध में कार्यवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए है। योगी ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलाधिकारी अपने जरूरी वस्तुओं की उपलब्धता तथा उन्हें लोगों तक पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित करें।
जनता को डोर स्टेप डिलीवरी व्यवस्था के द्वारा आवश्यक वस्तुएं उपलब्ध करायी जाए। कालाबाजारी, जमाखोरी करने वालों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कार्यवाही करने के निर्देश दिए। सड़क पर कोई भी व्यक्ति भूखा नहीं दिखना चाहिए। वनवासियों को खाद्यान्न उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। इसके अलावा सरकार ने विधायक निधि के दिशानिर्देशों में संशोधन भी किया। कोरोना के उपचार तथा बचाव के लिए इसका उपयोग किये जाने की व्यवस्था की है।

योगी ने कहा कि अधिकारी अस्पतालों में मास्क, ग्लव्स तथा चिकित्सा से जुड़ी अन्य जरूरी वस्तुओं की उपलब्धता सुनिश्चित करें। योगी ने जन सुविधाओं व कोरोना से बचाव हेतु व्यापक कार्ययोजना भी बनाई थी। इस पर अमल सुनिश्चित करने के लिए वरिष्ठ अधिकारियों की ग्यारह कमेटियां भी अपना कार्य मुस्तैदी से कर रही है।
योगी ने जिलाधिकारियों को इसी प्रकार जिला स्तर पर भी समिति गठित करने के निर्देश दिए हैं। जिससे बेहतर समन्वय के साथ इस महामारी से निपटा जा सके। योगी ने कोरोना के प्रभावी नियन्त्रण, लाॅक डाउन के क्रियान्वयन तथा निर्धन वर्गाें को शासन द्वारा प्रदान की जा रही राहत की समीक्षा की। प्रदेश की प्रशासनिक मशीनरी को उचित दिशा निर्देश भी दिए।
उंन्होने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गरीब कल्याण पैकेज की घोषणा की है। इसके माध्यम से देश के अस्सी करोड़ से अधिक लोगों को आच्छादित किया गया है। सरकार सभी जरूरतमंदों को भोजन उपलब्ध करने के लिए कटिबद्ध है। कोरोना से बचाव के लिए लाॅक डाउन का प्रभावी क्रियान्वयन आवश्यक है।जनपदों में लेवल एक, दो और तीन स्तर के अस्पतालों की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।







