पूरे प्रदेश में प्रदर्शन, लखनऊ सहित कई जिले में कांग्रेसी हुए गिरफ्तार
लखनऊ 30 सितम्बर 2020: उप्र कांग्रेस कमेटी ने हाथरस की दलित बेटी के साथ गैंगरेप और हत्या तथा परिजनों की गैर मौजूदगी में पुलिस द्वारा शव को आधी रात जलाये जाने पर दलित बेटी को न्याय दिलाने के लिए प्रदेशव्यापी विरोध प्रदर्शन के तहत आज राजधानी में सीएम आवास का घेराव करने जा रहे उप्र कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू सहित सैंकड़ों कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया, जहां से प्रदेश अध्यक्ष सहित सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं को इको गार्डेन भेज दिया गया।
कांग्रेस महासचिव ने ट्वीट करते हुए कहा है कि – रात को 2.30बजे परिजन गिड़गिड़ाते रहे लेकिन हाथरस की पीड़िता के शव को उप्र प्रशासन ने जबरन जला दिया। जब वह जीवित थी तब सरकार ने उसे सुरक्षा नहीं दी। जब उस पर हमला हुआ सरकार ने समय पर इलाज नहीं दिया। पीड़िता की मृत्यु के बाद सरकार ने परिजनों से बेटी के अंतिम संस्कार का अधिकार छीना और मृतका को सम्मान तक नहीं दिया। घोर अमानवीयता। आपने अपराध रोका नहीं बल्कि अपराधियों की तरह व्यवहार किया। अत्याचार रोका नहीं, एक मासूम बच्ची और उसके परिवार पर दुगुना अत्याचार किया। आपके शासन में न्याय नहीं, सिर्फ अन्याय का बोलबाला है।

इसके पूर्व अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव श्रीमती प्रियंका गांधी जी ने ट्वीट करमुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से सवाल किया है। उन्होने कहा है कि – ‘‘मैं यूपी के मुख्यमंत्री से कुछ सवाल पूछना चाहती हूं -परिजनों से जबर्दस्ती छीनकर पीड़िता के शव को जलवा देने का आदेश किसने दिया? पिछले 14 दिन से कहां सोए हुए थे आप? क्यों हरकत में नहीं आए? और कब तक चलेगा ये सब? कैसे मुख्यमंत्री हैं आप’’।
मैं यूपी के मुख्यमंत्री जी से कुछ सवाल पूछना चाहती हूँ-
परिजनों से जबरदस्ती छीन कर पीड़िता के शव को जलवा देने का आदेश किसने दिया?
पिछले 14 दिन से कहां सोए हुए थे आप? क्यों हरकत में नहीं आए?
और कब तक चलेगा ये सब? कैसे मुख्यमंत्री हैं आप? pic.twitter.com/Q2qPcDXDTT
— Priyanka Gandhi Vadra (@priyankagandhi) September 30, 2020
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने कहा कि भाजपा के लिए बहुत ही शर्मनाक है कि एक दलित की बेटी न्याय की आस लिए मर गई। महामहिम चुप क्यों हैं उनकी चुप्पी का राज क्या है, महिला होने के नाते अभी तक उनका एक भी बयान क्यों नहीं आया। प्रधानमंत्री और गृहमंत्री सहित प्रदेश के मुखिया की चुप्पी का राज क्या है? कौन जवाब देगा देश को, देश रो रहा है, बिलख रहा है। देश की बेटी सुरक्षित नहीं हैं, क्या इसी तरह की घटनाएं निरन्तर उप्र में होती रहेंगी और सरकार संवेदनहीन बनी रहेगी। आज हम मुख्यमंत्री से इस्तीफा मांगने जा रहे थे मुख्यमंत्री के गुर्गों द्वारा लाठी-डण्डों से हमें पीटा गया और गिरफ्तार किया गया। क्या न्याय मांगने वालों पर लाठी चलाई जाएगी। क्या पीड़ित बहन के लिए संघर्ष की बात करने पर लाठी चलाकर दमन किया जाएगा। उन्होनें कहा कि योगी सरकार ने इन्सानियत को शर्मसार किया है। मुख्यमंत्री गद्दी छोड़ें, आपको इस पर बैठने का कोई अधिकार नहीं रह गया है।
प्रदेशव्यापी आन्दोलन के तहत आज हाथरस में कांग्रेस ने सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया। जनपद प्रतापगढ़ में कांग्रेस नेताओं को प्रदर्शन के दौरान लाठीचार्ज करके गिरफ्तार किया गया। वहीं हाथरस जाते हुए बदायूं हाईवे पर कांग्रेस महासचिव ब्रम्हस्वरूप सागर, असलम चौधरी सहित कई नेताओं को गिरफ्तार किया गया। जनपद जालौन, सोनभद्र, चित्रकूट, आजमगढ़, भदोही, चन्दौली समेत कई जिलों में प्रदर्शन हुआ, कांग्रेसजनों पर पुलिस ने बर्बर लाठीचार्ज कर गिरफ्तार किया।







