उप्र : पिछले वर्ष से 54 अधिक अभ्यर्थी कर चुके हैं आवेदन
लखनऊ, 16 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश संयुक्त प्रवेश परीक्षा बी॰एड॰ 2021-23 के आवेदन स्वीकार करने की तिथि बढ़ाकर अब 24 मार्च कर दी गयी है। लखनऊ विश्वविद्यालय ने इसके लिए मंगलवार को ही घोषणा कर दी। पहले यह तिथि 15 मार्च तक ही थी। इससे पिछले वर्ष की तुलना में लगभग एक लाख अभ्यर्थी बढ़ जाने का अनुमान है।
बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा की राज्य समन्वयक प्रो. अमिता वाजपेयी ने बताया कि पिछले वर्ष कुल 4.31 लाख अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। इस वर्ष अभी तक 4.85 लाख अभ्यर्थी आवेदन कर चुके हैं अर्थात पिछले वर्ष से 54 अभ्यर्थी अधिक आवेदन कर चुके हैं।
उन्होंने बताया कि अभ्यर्थियों के व्यापक हित को दृष्टिगत रखते हुए बिना विलम्ब शुल्क के आनलाइन आवेदन पत्र स्वीकार करने की अन्तिम तिथि 15 मार्च 2021 से बढ़ाकर 24 मार्च कर दी गयी है व विलम्ब शुल्क के साथ आनलाइन आवेदन करने की अन्तिम तिथि 22 मार्च के स्थान पर 31 मार्च 2021 कर दी गयी है।
अभ्यर्थियों को परामर्श दिया जाता है कि वे अन्तिम तिथि की प्रतीक्षा किये बिना अपना आनलाइन आवेदन पत्र शीघ्र भर लें। उन्होंने कहा कि उपरोक्त के अतिरिक्त अभ्यर्थियों की सुविधा हेतु हेल्पडेस्क/ हेल्पलाइन की व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ की जा रही है। आनलाइन फार्म भरने में अभ्यर्थियों को सुविधा प्रदान करने हेतु इन्टरनेट की सुविधा के साथ कम्प्यूटर उपलब्ध कराये जा रहे हैं। अभ्यर्थी लखनऊ विश्वविद्यालय स्थित कम्प्यूटर केन्द्र में आकर अपना आनलाइन आवेदन पत्र निःशुल्क भर सकते हैं।







