लखनऊ 24 मार्च 2021: राज्य ललित कला अकादमी के बीते कलारंग उत्सव के दुर्लभ पलों को कला प्रेमियों ने देखा। राज्य ललित कला अकादमी की ओर से कलारंग उत्सव फोटो प्रदर्शनी का भी आयोजन हुआ। प्रदर्शनी में राज्य ललित कला अकादमी के पूर्व में हुए कलारंग उत्सव के दौरान प्रेस छायाकारों द्वारा खींचे गये फोटो प्रदर्शित हुए। इस अवसर पर फोटो जर्नलिस्ट सम्मानित हुए। उनके श्रेष्ठ छाया चित्रों की प्रदर्शनी लगाई गई। कलारंग फोटोग्रॉफbप्रदर्शनी का उद्घाटन मुख्य अतिथि जस्टिस देवी प्रसाद सिंह, अकादमी अध्यक्ष सीताराम कश्यप, उपाध्यक्ष गिरीशचंद्र और सचिव डॉ यशवंत सिंह राठौर ने करते हुए प्रतिभागी छाया पत्रकारों को सम्मानित किया।
इस अवसर पर वरिष्ठ चित्रकार जस्टिस सुधीर नारायण अग्रवाल की पेंटिंग प्रदर्शनी भी लगाई गई। प्रदर्शनी में उनकी लगभग 30 वॉश पेंटिंग प्रदर्शित की गईं। कलाकृतियां उनकी स्वरचित कविताओं पर ही आधारित थीं। कलाप्रेमियों ने उनकी रचनाओं और पेंटिंग की खूब सराहना की। उत्तर प्रदेश राज्य ललित कला शक्ति सम्मान से सम्मानित महिला दस महिला कलाकारों के कृतित्व-व्यक्तित्व पर आधारित कैटलॉग का विमोचन हुआ। यह कलारंग प्रदर्शनी 26 मार्च तक अकादमी दीर्घा में जारी रहेगी।
कलारंग फोटो प्रदर्शनी में फोटो जर्नलिस्ट तुषारचंद्र राय को प्रथम, अशफाक अली को द्वितीय, रंगनाथ तिवारी को तृतीय व अदीब वॉल्टर को सांत्वना पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा अदीब वॉल्टर, अशफाक अली, आशुतोष यादव, ज्योति किरन रतन, कुलदीप, प्रमोद कुमार शर्मा, आशुतोष यादव, रंगनाथ तिवारी, रैदास, तुषार चंद्र राय, सहित अन्य फोटो जर्नलिस्ट के फोटो प्रदर्शित किए गए। उन्हें प्रमाण पत्र भी प्रदान किए गए।







