मुंबई, 29 अगस्त :भारी बारिश के कारण आज मुंबई और उसके आसपास के इलाकों में पानी भर गया जिससे रेल, सडक तथा वायु सेवाएं बाधित हो गर्इं और सामान्य जन-जीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ।
राजधानी के अलावा निकटवर्ती नवी मुंबई और ठाणे क्षेत्र में भी कल रात से मूसलाधार बारिश हो रही है, जिससे उपनगरीय ट्रेन सेवाओं में देरी हुई और निचले इलाकों में जलमग्न सडकों पर वाहन रेंगते दिखायी दिये।
भारी बारिश के कारण आज थमी दिखी वित्तीय राजधानी में आगे भी राहत की कोई गुंजाइश नहीं है क्योंकि मौसम विज्ञान विभाग ने महाराष्ट्र के पश्चिमी तट सहित मुंबई और गुजरात तथा गोवा में अगले 24 से 48 घंटों तक ‘ ‘भारी बारिश ‘ ‘ होने का पूर्वानुमान लगाया है।
कल रात से लगातार हो रही बारिश के चलते पूर्वी एवं पश्चिमी एक्सप्रेस राजमार्ग, सायन-पनवेल राजमार्ग और एलबीएस मार्ग सहित सभी प्रमुख मार्गों पर यातायात जाम की रिपोर्ट मिली।
परेल एवं सायन के निचले इलाकों में जलजमाव की रिपोर्ट है। सात रास्ता मार्ग पर एक पेड के गिर जाने से सडक यातायात प्रभावित रहा।
सभी तीनों रेलवे लाइन – पश्चिम, मध्य एवं हार्बर- पर ट्रेनें देरी से चलीं जिससे उपनगरीय सेवाएं बाधित हुर्इं।
नगर निकाय अधिकारी ने बताया कि अंधेरी तथा बांद्रा में रेल पटरी पर जलजमाव की रिपोर्ट है।
सुबह से ही विमान सेवाएं भी प्रभावित रहीं।
हवाईअड्डा अधिकारियों ने बताया कि सुबह से तेज हवाओं और भारी बारिश के कारण छह से सात विमानों को चक्कर भी काटने पडे, वहीं चार से पांच विमानों का रूख नजदीकी हवाईअड्डों की ओर मोड दिया गया। इनमें गुवाहाटी-मुंबई का इंडिगो विमान भी शामिल है जिसका मार्ग अहमदाबाद की ओर मोडा गया।
बहरहाल हवाईअड्डे का सिंगल रनवे खुला रहा।
‘छत्रपति शिवाजी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे ‘ के प्रवक्ता ने बताया कि उडानों में औसतन 35 मिनट की देरी हुई।







