लंदन, निनटेंडो के सुपर मारियो ब्रदर्स वीडियो गेम की पुरानी कॉपी ने अमेरिका में एक व्यक्ति की किस्मत बदल दी है। 1986 में क्रिसमस गिफ्ट के लिए खरीदे गए गेम को एक टेबल की ड्राअर में रखकर भुला दिया गया था। डलास में नीलामघर हैरिटेज ऑक्शंस के अनुसार शुक्रवार को उसे चार करोड़ 84 लाख रुपए में नीलाम कर दिया गया। यह कीमत किसी वीडियो गेम के लिए एक रिकॉर्ड है। पहले यह रिकॉर्ड जुलाई में 83 लाख रुपए में बिकी इसी गेम की एक अन्य कॉपी के नाम पर था।
हैरिटेज ऑक्शंस के अनुसार गेम की कॉपी बेचने वाले ने बताया कि मैंने क्रिसमस उपहार के बतौर खरीदे गेम को अपने ऑफिस की टेबल की निचली ड्राअर में रख दिया था। यह 35 साल तक वहां पड़ा रहा। हैरिटेज में वीडियो गेम की बिक्री देखने वाले वेलेरी मेकलेकी ने बताया, यह गेम 1986 के अंत में कुछ समय के लिए बनाया गया था। इस कॉपी का प्रोडक्शन बहुत कम अवधि के लिए हुआ था। इसका प्रारंभिक मूल्य दो करोड़ 25 लाख रुपए रखा गया था। बेचने और खरीदने वाले का नाम नहीं बताया गया है।
ऑक्शन हाउस की वेबसाइट ने लोगों को वीडियो गेम की नई कीमत लगाने का ऑफर दिया है। इसकी शुरुआती कीमत सात करोड़ 25 लाख रुपए है। पिछले साल फैक्टरी में सील किए गए वीडियो गेम में लोगों की दिलचस्पी बढ़ी है।







