आरक्षण समर्थकों ने सभी राजनैतिक दलों के अध्यक्षों से मिलने का मांगा समय
लखनऊ, 03 अगस्त, 2021: आरक्षण बचाओ संघर्ष समिति संयोजक मण्डल कोर ग्रुप की आज एक आवष्यक बैठक सम्पन्न हुई, जिसमें सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया है कि पदोन्नति में आरक्षण बिल पास कराने को लेकर अब आन्दोलन तेज किया जायेगा। संघर्ष समिति की बैठक ने आज यह तय किया है कि सभी विभागों में जागरूकता अभियान चलाते हुए प्रदेश के 8 लाख आरक्षण समर्थक कार्मिकों को आन्दोलन के लिये तैयार रहने का आह्वान किया जायेगा और सभी जनपदों में आरक्षण बचाओ सम्मेलन करके एक बड़े आन्दोलन का आगाज किया जायेगा। फिलहाल संघर्ष समिति के नेताओं ने सभी राजनैतिक दलों के राष्ट्रीय अध्यक्षों व वरिष्ठ नेताओं से मिलने का समय मांगा है।
संघर्ष समिति संयोजक मण्डल द्वारा आज प्रदेश के सभी राजनैतिक दलों से यह मांग उठायी गयी है कि जो भी राजनैतिक दल अपने आप को आरक्षण समर्थकों का हितैषी बता रहे हैं वह यह ऐलान करें कि 2022 के उप्र विधान सभा चुनाव के घोषणा पत्र में पदोन्नति में आरक्षण बिल पास कराने का मुद्दा सबसे अह्म होगा। सभी पार्टियां यह जवाब दें कि व अपने घोषणा में इस मुद्दे को शामिल करेंगी अथवा नहीं।
आरक्षण बचाओ संघर्ष समिति के संयोजक अवधेश कुमार वर्मा, आरपी केन, अजय कुमार, अनिल कुमार, प्रेमचन्द्र, श्यामलाल, लेखराम, अन्जनी कुमार, एचपी कौशल ल एवं अनिल कुमार ने कहा जहां एक तरफ सभी दल बाबा साहब द्वारा बनायी गयी संवैधानिक व्यवस्था पर बड़ी-बड़ी बातें करते हैं, वहीं पिछले 9 वर्षों से लोक सभा में पदोन्नति में आरक्षण का बिल लम्बित है और उस पर चर्चा करने की बात तो दूर बन्द कमरे में भी उस पर बात करने से कतरा रहे हैं।







