खोरीयारी गांव में मतदान के दौरान हंगामा, सड़क-बुनियादी ढांचे की शिकायत पर भड़का गुस्सा; सिन्हा बोले: ‘RJD गुंडों का हौसला, NDA सत्ता में आएगी तो बुलडोजर चलेगा’ वोटरों ने कही तीखी बातें
लखीसराय: बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान के दौरान लखीसराय जिले के खोरीयारी गांव में हंगामा मच गया। भाजपा प्रत्याशी और उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा के काफिले पर गुस्साए ग्रामीणों ने गोबर, चप्पलें और पत्थर फेंक दिए। भीड़ ने गांव में प्रवेश करने से रोक दिया, जिसके बाद सुरक्षाकर्मियों को बमुश्किल काफिला निकालना पड़ा। इस घटना ने चुनावी माहौल को तनावपूर्ण बना दिया है।
घटना गुरुवार दोपहर की है, जब सिन्हा बूथ नंबर 404-405 का दौरा करने पहुंचे। ग्रामीणों ने उनका वाहन घेर लिया और “मुर्दाबाद” के नारे लगाते हुए हमला बोला। वीडियो फुटेज में साफ दिख रहा है कि सिन्हा के वाहन पर गोबर और चप्पलें फेंकी जा रही हैं, जबकि भीड़ चिल्ला रही है। सिन्हा ने तुरंत एसपी से फोन पर बात की और अतिरिक्त फोर्स की मांग की। उन्होंने कहा, “ये RJD के गुंडे हैं। सत्ता में आने से पहले ही इतना हंगामा। मेरे पोलिंग एजेंट को सुबह 6:30 बजे धमकाकर भगा दिया। वोटरों को बाहर आने नहीं दे रहे। ये जंगल राज की शुरुआत है। NDA सत्ता में आएगी तो इनके सीने पर बुलडोजर चलेगा।”

ग्रामीणों का गुस्सा स्थानीय मुद्दों पर फूटा। उन्होंने आरोप लगाया कि सिन्हा के शासनकाल में सड़कें, बिजली और पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं पर कोई ध्यान नहीं दिया गया। एक ग्रामीण ने कहा, “अगर अच्छे काम किए होते तो आज गोबर की जगह मिठाई मिलती। अब वोट नहीं देंगे, सड़क बनवाओगे तो बात करेंगे।” विपक्षी नेता दिनेश शुक्ल ने सोशल मीडिया पर लिखा, “इसका मतलब साफ है इन्होंने जनता के बीच काम ही नहीं किया। ये हमला लोकतंत्र की जीत है, जनता जाग चुकी है।”
https://x.com/i/status/1986391895564820774
चुनाव आयोग ने घटना का संज्ञान लेते हुए बिहार DGP को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कहा, “ऐसी घटनाओं को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मतदान शांतिपूर्ण होना चाहिए।” डीआईजी राकेश कुमार ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों से बात की और आश्वासन दिया कि शिकायतों का निपटारा किया जाएगा। पुलिस ने कहा कि हमला सहज लग रहा था, लेकिन जांच जारी है।
लखीसराय में सिन्हा का मुकाबला कांग्रेस के अमरेश कुमार और जन सुराज पार्टी के सूरज कुमार से है, जो एंटी-इनकंबेंसी का फायदा उठाने की कोशिश कर रहे हैं। जिले में दोपहर 1 बजे तक 46.37% मतदान दर्ज किया गया। यह घटना बिहार चुनाव में हिंसा की आशंका को और बढ़ा रही है, जहां पहले ही बूथ कैप्चरिंग के आरोप लगे हैं। सिन्हा ने इसे RJD की हार का डर बताया, जबकि विपक्ष इसे जनता के गुस्से का प्रतीक बता रहा है।







