लखनऊ: डॉ. भीमराव आंबेडकर की 135वीं जयंती (14 अप्रैल 2026) के मौके पर बहुजन समाज पार्टी (BSP) राजधानी में बड़ा शक्ति प्रदर्शन करने जा रही है। बसपा सुप्रीमो मायावती के निर्देश पर 14 अप्रैल को लखनऊ के गोमतीनगर स्थित आंबेडकर सामाजिक परिवर्तन स्थल (आंबेडकर स्मारक) पर भव्य कार्यक्रम आयोजित होगा।
कार्यक्रम की तैयारियां जोरों पर हैं। प्रदेश के सभी 18 मंडलों से पदाधिकारी और कार्यकर्ता पहुंचेंगे। पार्टी ने 2 लाख से अधिक लोगों के जुटने की संभावना जताई है। मायावती सुबह अपने मॉल एवेन्यू आवास पर बाबा साहेब को श्रद्धासुमन अर्पित करेंगी और कार्यकर्ताओं को संदेश भी जारी करेंगी। मॉल एवेन्यू से गोमतीनगर तक का मार्ग पोस्टर-बैनर से सजाया जाएगा। जोनल प्रभारी तैयारियों में जुटे हुए हैं।
उधर, भारतीय जनता पार्टी (BJP) भी बाबा साहेब को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर रही है।
BJP कार्यक्रम:
- 13 अप्रैल 2026 (सोमवार) को दोपहर 2:30 बजे BJP प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय राज्य मंत्री पंकज चौधरी रायबरेली के ग्राम कन्नावा, बछरावां में बाबा साहेब की प्रतिमा का अनावरण करेंगे।
- शाम 6 बजे लखनऊ के हजरतगंज स्थित बाबा साहेब की प्रतिमा पर 11,000 दीप प्रज्ज्वलित कर दीपांजलि अर्पित की जाएगी।
बता दें कि दोनों प्रमुख पार्टियां संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित कर रही हैं। BSP का यह कार्यक्रम 2027 के विधानसभा चुनावों की तैयारी के रूप में भी देखा जा रहा है।







