जनता दर्शन में सैकड़ों फरियादियों की सुनी समस्याएं, अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई और जवाबदेही तय करने के निर्देश
लखनऊ : उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने सोमवार को अपने कैम्प कार्यालय में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में सैकड़ों आम लोगों की समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित समाधान के सख्त निर्देश दिए।
उप मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि “हर व्यक्ति की हर समस्या का हर सम्भव निदान सुनिश्चित किया जाएगा।”
जनता दर्शन के दौरान उन्होंने खुद फरियादियों से संवाद किया और उनकी शिकायतों को गंभीरता से सुना। भूमि विवाद, अवैध कब्जा, उत्पीड़न, सड़क-बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य और आवास जैसी समस्याओं पर उन्होंने संबंधित जिलाधिकारियों, पुलिस अधिकारियों और शासन के उच्च अधिकारियों से फोन पर सीधे बात की और तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
श्री मौर्य ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिया कि हर शिकायत को प्राथमिकता पर निस्तारित किया जाए, ताकि पीड़ित व्यक्ति को बार-बार चक्कर न लगाने पड़ें। साथ ही शिकायतों की जवाबदेही तय करने और नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।
महिलाओं, दिव्यांगजनों और बुजुर्गों की समस्याओं को विशेष प्राथमिकता देने का निर्देश देते हुए उप मुख्यमंत्री ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप पारदर्शी और प्रभावी समाधान निकाला जाए, जिससे आमजन में प्रशासन के प्रति विश्वास और मजबूत हो।
कार्यक्रम में शाहजहांपुर, फर्रुखाबाद, फतेहपुर, लखीमपुर, प्रयागराज, बदायूं, सहारनपुर, कुशीनगर समेत लगभग तीन दर्जन जिलों से आए लोगों ने अपनी फरियादें रखीं। उप मुख्यमंत्री ने सभी मामलों पर तत्परता दिखाते हुए अधिकारियों को शीघ्र और गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई के निर्देश दिए।
यह जनता दर्शन एक बार फिर साबित करता है कि उत्तर प्रदेश सरकार आम आदमी की समस्याओं को गंभीरता से ले रही है और उनके समाधान के लिए प्रतिबद्ध है।







