बेंगलुरु/कोडागु, 6 जून 2026। कर्नाटक के कोडागु जिले में जंगली हाथी के हमले में दिल्ली में पुलिस महानिदेशक (DGP) पद पर तैनात वरिष्ठ IPS अधिकारी सुनील आचार्य की पत्नी की मौत हो गई। इस घटना ने पूरे राज्य में शोक की लहर दौड़ दी है।
कॉफी बागान निरीक्षण के दौरान हुआ हमला
मृतका की पहचान संध्या आचार्य के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, संध्या आचार्य कोडागु जिले के तितिमति क्षेत्र अंतर्गत कोनानाकट्टे गांव स्थित एक कॉफी बागान का निरीक्षण करने गई थीं। इसी दौरान अचानक एक जंगली हाथी ने उन पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल होने के बाद उन्हें बचाने की कोशिश की गई, लेकिन उनकी मौत हो गई।

उपमुख्यमंत्री ने जताया दुख, दिए सुरक्षा निर्देश
घटना की सूचना मिलते ही कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने अधिकारियों को मानव-वन्यजीव संघर्ष की बढ़ती घटनाओं पर तुरंत नियंत्रण के लिए प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही हाथियों के खतरे वाले क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने को कहा है।
कोडागु में लंबे समय से चिंता का विषय
कोडागु और आसपास के इलाकों में जंगली हाथियों की आवाजाही पिछले कई वर्षों से स्थानीय लोगों और प्रशासन के लिए गंभीर चिंता बनी हुई है। स्थानीय निवासियों ने वन विभाग से ऐसे हादसों को रोकने के लिए ठोस और दीर्घकालिक उपाय करने की मांग की है।
बता दें कि यह घटना एक बार फिर मानव-वन्यजीव संघर्ष की समस्या को राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में ला दी है। IPS अधिकारी सुनील आचार्य और उनके परिवार के प्रति पूरे प्रशासनिक और पुलिस महकमे में संवेदनाएं व्यक्त की जा रही हैं। फिलहाल पुलिस और वन विभाग ने घटनास्थल पर जांच शुरू कर दी है और postmortem रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।







