लखनऊ, 04 नवंबर 2018: संस्कृति मंत्रालय भारत सरकार नई दिल्ली के सहयोग से अंतर्राष्ट्रीय कठपुतली कलाकार प्रदीपनाथ त्रिपाठी पांच नवम्बर शाम साढ़े छह बजे कैसरबाग स्थित राय उमानाथ बली प्रेक्षागृह में कठपुतली नाटिका ‘गुलाबो-सिताबो’ और अलादीन की प्रस्तुति अपने दल के साथ करेंगे।
बता दें कि गुलाबो-सिताबो अवध क्षेत्र की परम्परागत पुतुल कला है। इसके परम्परागत स्वरूप के साथ राजवीर रतन लिखित आधुनिक रंग नाटिका का दर्शन प्रदर्शन में होगा। दूसरी लघुनाटिका अलादीन विश्वप्रसिद्ध अरेबियन नाइट्स की कथा पर आधारित अलादीन की है, जिसका पुतुल नाट्य रूपांतरण जीशान हैदर ने किया है।
प्रदीपनाथ त्रिपाठी की परिकल्पना व निर्देशन में प्रस्तुत इन नाटिकाओं में स्वर सपना सिंह, अर्शी, संजू श्री, अमित सिन्हा, पारुल कान्त, विनीता अवस्थी, मुहम्मद अफजल, निजाम व स्वयं प्रदीपनाथ ने दिए हैं। संगीत विजय सैनी का, प्रकाश संजू श्री का और ध्वनिमुद्रण मयूर मल्टीट्रैक का है।