पटना, 27 मार्च 2019: पटना के मशहूर व्यवसायी अनिल कुमार ने आज बक्सर लोकसभा सीट से चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है। अनिल कुमार अपनी ही पार्टी जनतांत्रिक विकास पार्टी के सिंबल सिलाई मशीन छाप पर चुनाव लड़ेंगे। ये जानकारी उन्होंने आज प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी। उन्होंने कहा कि बक्सर का विकास यहां के स्थानीय उम्मीदवार ही कर सकते हैं, न कि बाहर से आये लोग। बक्सर की जनता ने एक बार बाहर के लोगों पर भरोसा किया, लेकिन बदले में उन्हें कुछ नहीं मिला।
उन्होंने कहा कि पिछला पांच साल बक्सर के लिए दुर्भाग्यपूर्ण रहा, जब यहां के सांसद इस लोकसभा क्षेत्र में कोई काम नहीं किया। उनके बेटे पर भ्रष्टाचार के भी आरोप लगे हैं। वे केंद्र में मंत्री रहते यहां के अस्पताल की स्थिति में सुधार नहीं कर सके। इसलिए अब बक्सर की जनता बाहरी लोगों पर भरोसा करने की गलती नहीं करने वाली है। कुमार ने कहा कि इस बार बक्सर की जनता के लिए जनतांत्रिक विकास पार्टी की एक बेहतर विकल्प दे रही है।
आपको बता दें कि अनिल कुमार व्यवसायी के अलावा समाजसेवी भी हैं। बीते कई सालों से उनकी सक्रियता राजनीति में बढी है। उन्होंने विभिन्न मांगों को लेकर शाहाबाद बचाओ आंदोलन किया था। इस दौरान वे आमरण अनशन पर बढ़े थे, तब केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के लिखित आश्वासन पर अनशन खत्म हुआ था। वे शाहाबाद को प्रमंडल का दर्जा दिलाने और बक्सर में एक एम्स बनाने की लड़ाई भी लड़ रहे हैं। वे ऐतिहासिक कुर्मी चेतना महारैली के 25वीं वर्षगांठ के संयोजक भी हैं।






