सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा: विपक्ष के नेताओं के साथ बदले की भावना से काम कर रही भाजपा, आजम को जेल में नहीं मिल रही अच्छी स्वास्थ्य सुविधा
लखनऊ, 11 मई 2020: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने राज्य के भाजपा सरकार पर विपक्ष के नेताओं के प्रति बदले की भावना से काम करने का आरोप लगाया है। इसके साथ ही उन्होंने संकीर्ण मानसिकता करार दिया है। उन्होंने सोमवार को कहा कि रमजान के पवित्र माह में भी इबादत और रोजे की फर्ज अदायगी में बांधा डालने में कोई संकोच नहीं कर रही है।

आजम को जेल में नहीं मिल रही अच्छी स्वास्थ्य सुविधा:
उन्होंने सपा के वरिष्ठ नेता आजम खां, उनकी पत्नी तंजीम फातिमा और अब्दुल्ला आजम को जेल में चिकित्सा सुविधा न दिये जाने का आरोप लगाते हुए यह प्रतिक्रिया दी। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि सीतापुर जेल में पूरे परिवार के साथ दुर्व्यवहार हो रहा है, जो कि भाजपा की गलत मानसिकता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि तंजजीम फातिमा रामपुर से विधायक है और शनिवार को वे फिसल गयीं, उनका हाथ टूट गया है। आजम खां भी बीमार चल रहे है। इसके बावजूद भाजपा अपनी हठधर्मिता के कारण मानव मूल्यों का पालन नहीं कर रही है और उन्हें उचित इलाज भी नहीं मिल रहा है।
भाजपा सिर्फ आत्म प्रशंसा में लगी है:
इसके साथ ही अखिलेश यादव ने कहा कि 2022 तक सबको घर देने का वादा करने वाले सत्ताधारी आज बेघर भटकते भूखे-प्यासे लोगों को एक वक्त की रोटी तक नहीं दे पा रहे हैं। इतिहास गवाह रहा है कि सड़कों पर उतरी जनता ने सर्वशक्तिमान होने का दम्भ-भ्रम रखने वाले लोगों को पैदल कर दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा सिर्फ आत्म प्रशंसा में लगी है, जबकि जनता सड़क पर सजा भुगत रही है।







