लखनऊ, 3 जुलाई 2019: सिटी मोन्टेसरी स्कूल, महानगर कैम्पस की मेधावी छात्रा मृदुल पाठक को अमेरिका के प्रतिष्ठित इलिनोईस विश्वविद्यालय द्वारा उच्चशिक्षा हेतु 1,20,000 अमेरिकी डालर की स्कॉलरशिप से नवाजा गया है। मृदुल को यह स्कॉलरशिप चार वर्षीय उच्चशिक्षा अवधि के दौरान प्रदान की जायेगी।
इस मेधावी छात्रा को अमेरिका की यूनिवर्सिटी ऑफ सिनसिनाटी द्वारा भी 40,000 अमेरिकी डालर की स्कॉलरशिप से नवाजा गया है, साथ ही पुर्ड्यू यूनिवर्सिटी द्वारा उच्चशिक्षा का आमन्त्रण दिया गया है। सीएमएस संस्थापक डा. जगदीश गाँधी ने इस मेधावी छात्रा की इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए विद्यालय के विद्वान व कर्तव्यनिष्ठ शिक्षकों का आभार व्यक्त किया है।
मुख्य जन-सम्पर्क अधिकारी ने कहा कि इस वर्ष अभी तक इस विद्यालय के 80 छात्र अमेरिका, इंग्लैण्ड, कैनडा, ऑस्ट्रेलिया, जापान, सिंगापुर, जर्मनी आदि विभिन्न देशों के ख्यातिप्राप्त विश्वविद्यालयों में चयनित हो चुके हैं, जिनमें से अधिकतर को स्कॉलरशिप प्राप्त हुई है। श्री शर्मा ने कहा कि सीएमएस छात्रों के दृष्टिकोण व्यापक बनाने व उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहित करने हेतु सदैव प्रयासरत है और इसी कड़ी में छात्रों को भारत में एवं विदेशों में उच्चशिक्षा प्राप्त करने का अवसर प्रदान कर रहा है।






