लखनऊ, 18 फरवरी 2019: पुलवामा में शहीद हुए जवानों के बच्चे एराज मेडिकल कालेज में मुफ्त मेडिकल शिक्षा ले सकते हैं। उनकी पढ़ाई का सारा खर्च एराज एजुकेशन ट्रस्ट उठाएगा। यह घोषण एरा विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अब्बास अली मेंहदी ने की।
प्रो. मेंहदी सोमवार को विवि परिसर में पुलवामा के शहीदों को श्रद्धांजलि दे रहे थे। इस अवसर पर एराज लखनऊ मेडिकल कालेज एण्ड हॉस्पिटल के रजिस्ट्रार डॉ. अनु चन्द्रा, चिकित्सक, फैकल्टी मेम्बर, नर्सिंग छात्र, पैरामेडिकल छात्र, साइंस के विद्यार्थी, संस्थान के कर्मचारी व मरीजों के तीमारदार एवं एराज एजुकेशन ट्रस्ट के सदस्य मौजूद थे। एरा विश्वविद्यालय व एराज मेडिकल कालेज परिवार के सभी सदस्यों ने सेना की वीर जवानों को श्रद्धाजंलि देते हुए दो मिनट का मौन रखा।
कुलपति प्रो. अब्बास अली मेंहदी ने पुलवामा की घटना की निन्दा की और कहा कि इस घटना की प्रत्येक रूप में हर स्तर पर भत्र्सना की जानी है। उन्होंने कहा कि आतंकवादियों ने यह कायराना हरकत की है जिसे किसी भी रूप में स्वीकार नहीं किया जा सकता।
घटना में शहीद हुए जवानों के परिवारवालों के साथ सारा देश खड़ा है सभी की संवेदनाएं उनके साथ हैं। इसी क्रम में एरा विश्वविद्यालय ने तय किया है कि शहीदों के बच्चे यदि विवि में मेडिकल की शिक्षा लेना चाहते है तो उसका स्वागत है। विवि शहीदों के परिवार के बच्चों को निशुल्क मेडिकल शिक्षा देगा। शहीदों के बच्चों की पढ़ाई की जिम्मेदारी एराज एजुकेशन ट्रस्ट लेगा।







