एक माह तक सीमैप कंपनी को प्रतिदिन एक हजार बोतल पायलट प्लांट से देगा सेनिटाइजर
लखनऊ, 21 अप्रैल 2020: केंद्रीय औषधीय एवं सगंध पौधा संस्थान (सीएसआईआर-सीमैप) लखनऊ ने कोरोना वायरस प्रकोप के बीच सैनिटाइजर के लिए बढ़ती मांग के मद्देनजर अल्कोहल-आधारित हर्बल हैंड सैनिटाइजिंग जेल ‘हेंकूल प्लस’ विकसित किया है। मंगलवार को संस्थान ने इस तकनीक को राको ग्रुप कंपनी को हस्तानांतरित कर दिया। अब राको कंपनी इसका व्यवसायिक उत्पादन शुरू कर देगी।
इस संबंध में सीमैप के मीडिया प्रभारी ई. मनोज सेमवाल ने बताया कि सीएसआईआर-सीमैप एक महीने तक कंपनी के लिए रोजाना 1000 बोतल हर्बल सैनिटाइज़र के उत्पादन के लिए अपने पायलट प्लांट की सुविधा भी प्रदान करेगा। इस अवधि के बाद राको ग्रुप प्राइवेट लिमिटेड लखनऊ देवा स्थित इंडस्ट्रियल कॉम्प्लेक्स में हर्बल सैनिटाइज़र का उत्पादन करेगा।
मनोज सेमवाल ने बताया कि इस हर्बल सैनिटाइज़र में मेंथा आरवेन्सिस (मेंथॉल मिंट) का सुगंधित तेल है, जो कि रोगाणुओं के व्यापक स्पेक्ट्रम के खिलाफ प्रभावी पाया गया है। यह एक बायो डिग्रेडबल, सुरक्षित और जलन न पैदा करने वाला उत्पाद है। यह उत्पाद सुगंधित पौधों से बनाया गया है। उत्पाद को वैज्ञानिक एमपी दारोकर, सुदीप टंडन, अनिर्बन पाल, शोऐब लुकमान, करुणा शंकर, पूजा खरे, दिनेश कुमार (सेवानिवृत्त) और सुधा अग्रवाल की टीम द्वारा विकसित किया गया है।
डॉक्टर प्रबोध के त्रिवेदी, निदेशक, सीएसआईआर-सीमैप ने कहा कि हर्बल हैंड सैनिटाइजर का वैज्ञानिक परीक्षण किया गया है और इसे रोगाणुओं के व्यापक स्पेक्ट्रम के खिलाफ अत्यधिक प्रभावी पाया गया है। उन्होंने कहा कि यह बहुत प्रभावी है और त्वचा को डीहाईड्रशन से भी बचाता है। उन्होंने यह भी बताया कि उत्पाद का नाम ‘हेंकूल प्लस’ रखा गया है। परीक्षण अध्ययनों में यह हर्बल सैनिटाइज़र जेल बाजार में मौजूदा समान उत्पादों से अधिक प्रभावी पाया गया।
बिजनेस डेवेलोपमेंट के प्रमुख, डॉ. रमेश श्रीवास्तव ने बताया कि सैनिटाइजिंग जेल की तकनीक को लखनऊ स्थित कंपनी राको ग्रुप प्राइवेट लिमिटेड को हस्तांतरित कर दिया गया है।
समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर भास्कर ज्योति देउरी, प्रशासन नियंत्रक, सीएसआईआर-सीमैप और रजनीश सेठी, प्रबंध निदेशक, मेसर्स राको ग्रुप, लखनऊ द्वारा आज सीएसआईआर-सीमैप, लखनऊ में किया गया।







