नई दिल्ली 13 नवंबर। पीएम मोदी की स्वर्णिम योजना डिजिटेल योजना को साकार करने की दिशा में सरकार आगे बढ़ रही है। देश के सभी पंचायतों को 2019 तक तीव्र गति की ब्रॉडबैंड सुविधा से लैस करने की केंद्र सरकार की भारतनेट परियोजना के दूसरे व अंतिम चरण की शुरुआत सोमवार से शुरू होगी। जानकारी के मुताबिक,13 नवंबर को नई दिल्ली में राज्यों के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर व नेटवर्क के उपयोग को लेकर राष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। दूरसंचार विभाग(डीओटी) की ओर से सम्मेलन के दौरान भारतनेट फेज-2 को शुरू करने के लिए राज्यों के साथ एमओयू पर हस्ताक्षर किए जाएंगे।
मंत्रालय के मुताबिक,राज्यों और सेवा प्रदाताओं के साथ विभाग की ओर से आयोजित इस सम्मेलन में भारतनेट के बुनियादी ढांचे को मजबूत बनाने के विविध उपयोग मॉडलों का प्रदर्शन और उस पर चर्चा की जाएगी। इस सम्मेलन में अलग अलग प्रदेश के प्रौद्योगिकी मंत्री व सचिव भी हिस्सा ले रहे है। बताया जा रहा है कि एयरटेल,रिलायंस जियो, वोडाफोन और आईडिया जैसे सेवाप्रदाताओं ने भारतनेट में भाग लेने के लिए दिलचस्पी दिखा रहे है। सूत्रों के मुताबिक,केंद्रीय संचार मंत्री मनोज सिन्हा,सूचना और प्रौद्योगिकी मंत्री रविशंकर प्रसाद और मानव संसाधन एवं विकास मंत्री प्रकाश जावड़ेकर भी इस कार्यक्रम में उपस्थित रहने वाले है।







