लखनऊ, 10 अप्रैल 2020: रबी की फसलों की कटाई, कृषि उपकरण व खाद आदि की समस्या न होने पाए, इसके लिए गुरुवार को प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने विभागीय संयुक्त कृषि निदेशकों से दूरभाष पर वार्ता की। उन्होंने कृषि कार्यों में कोई व्यवधान न आने देने की प्रक्रिया को सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इसके साथ ही कहा कि सर्विस सेंटर, कृषि संबंधित दुकानों के खुलने के आदेश का अक्षरश: पालन कराया जाय।
कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि हर जिले में अधिकारी फसलों की कटाई के व्यवधान को दूर करने में लगे हुए हैं। अब कहीं भी इस तरह की परेशानी नहीं हो रही है। किसान भी जागरूक हैं और सोशल डिस्टेंस का पालन करते हुए कृषि कार्य चल रहा है। यदि किसानों को कहीं परेशानी हो रही है तो शासन-प्रशासन स्तर से उसे दूर किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि लॉकडाउन की अवधि में किसानों को दिये जा रहे छूट के सम्बन्ध में आज लखनऊ आवास पर प्रदेश के विभागीय संयुक्त कृषि निदेशकों से दूरभाष से वार्ता की। फसल की कटाई तथा कृषि एवं सहवर्ती उपकरणों की दुकान,सर्विस सेंटर को खोले जाने की छूट के आदेश का अक्षरशः पालन करने के आवश्यक निर्देश दिये। मौजूदा हालात के बीच किसानों को फसलों की कटाई हेतु योगी सरकार हरसंभव मदद रही है।







