केंद्र सरकार ने जीपीएफ की ब्याज दर बढ़ा कर किया 8 प्रतिशत
नई दिल्ली, 16 अक्टूबर 2018: मोदी सरकार ने दुर्गा पूजा के मौके पर अपने केंद्रीय कर्मचारियों को शानदार तोहफा देने का ऐलान किया है। सरकार ने जनरल प्राविडेंट फंड (जीपीएफ) पर अक्तूबर-दिसंबर की चालू तिमाही के लिए ब्याज 0.4 प्रतिशत बढ़ा कर 8 प्रतिशत वार्षिक कर दिया है। यह लोक भविष्य निधि योजना में जमा धन पर देय ब्याज के ही बराबर है। जुलाई-सितंबर तिमाही में जीपीएफ पर ब्याज 7.6 प्रतिशत वार्षिक था।

वित्त मंत्रालय के आर्थिक विभाग की एक अधिसूचना में कहा गया है। ‘साल 2018-19 के दौरान 1 अक्तूबर, 2018 से 31 दिसंबर 2018 की अवधि में जनरल प्राविडेंट फंड तथा ऐसे अन्य भविष्य निधि कोषों के अंशधारकों के खातों में जुटे धन पर ब्याज आठ प्रतिशत की दर से मिलेगा’।
सरकार ने पिछले महीने एनएससी (राष्ट्रीय बचत पत्र) और पीपीएफ (लोक भविष्य निधि योजना) पर भी ब्याज 0.4 प्रतिशत बढ़ा दिया था। बैंकों की जमा योजनाओं में ब्याज दरों में बढ़ोत्तरी को देखते हुए सरकार ने अपनी योजनाओं में भी ब्याज बढ़ाने के निर्णय किए हैं।







