एक लाख तीस हज़ार नौकरी में कोई इंटरव्यू नहीं होगा, सिर्फ प्रतिभा के आधार पर मिलेगी नौकरी
पटना, 13 अगस्त, 2018: केंद्रीय रेल मंत्री पीयूष गोयल ने पटना में घोषणा की कि जल्द रेलवे में 9500 से 10,000 जवानों की भर्ती होगी। इस भर्ती में महिलाओं के लिए 50 फ़ीसदी पद आरक्षित होंगे। रेलवे सुरक्षा बल की महिला टुकड़ी तेजस्विनी की तारीफ करते हुए गोयल ने कहा कि महिलाओं बच्चों की सुरक्षा के प्रति रेलवे को समर्पित करेंगे।
उन्होंने कहा कि देश के सभी 6000 रेलवे स्टेशनों और सभी ट्रेनों में जल्द सीसीटीवी लगाएंगे ताकि शरारती तत्वों पर कठोरता से अंकुश लगाया जा सके तथा सुरक्षा के तौर पर बेहतर इंतजाम किए जा सकें। श्री पीयूष गोयल ने रविवार को दोपहर पटना के बापू सभागार में पटना दीघा रेल खंड की जमीन बिहार को हस्तांतरित करने समय बिहार के अन्य रेल परियोजनाओं के उद्घाटन शिलान्यास समारोह में थे।
श्री गोयल ने घोषणा की कि रेलवे में विभिन्न पदों पर आने वाली एक लाख तीस हज़ार नौकरी में कोई इंटरव्यू नहीं होगा। केवल कंप्यूटर आधारित टेस्ट होगा। रिजल्ट भी कंप्यूटर से ही आएगा। उन्होंने कहा कि हमने पूरी पारदर्शी व्यवस्था बनाई है और प्रतिभा के आधार पर नौकरी मिलेगी।







