चरण-पादुका योजना के तहत महिलाओं को दी जा रही है चप्पलें
बीजापुर,15 अप्रैल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को छत्तीसगढ़ में आयोजित रैली में बाबा साहब भीमराव आंबेडकर को याद किया। साथ ही आदिवासी समाज को यह कहकर झकझोरा कि एक गरीब मां का बेटा, पिछड़े समाज से आने वाला आपका भाई अगर आज देश का प्रधानमंत्री है, तो यह भी बाबा साहब की ही देन है। इस क्रम में उन्होंने एक आदिवासी महिला को अपने हाथों से चप्पलें पहनाईं।
बता दें कि चरण-पादुका योजना के तहत महिलाओं को यहां चप्पलें दी जा रही है। इस योजना के तहत तेंदू पत्ता चुननेवाली आदिवासी महिलाओं को चप्पलें दी जानी है। जिससे वह जंगलों में आसानी से चल सकें, उन्हें कोई परेशानी न हो। पीएम शनिवार को बाबा साहब भीमराव आंबेडकर की 127वीं जयंती पर बीजापुर पहुंचे थे।
यहां उन्होंने राज्य और केंद्र सरकार की कई परियोजनाओं की आधारशिला रखी। साथ ही प्रधानमंत्री ने आयुष्मान भारत अभियान की शुरुआत की। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, आयुष्मान भारत योजना का पहला चरण शुरू किया गया है। जिसमें प्राथमिक स्वास्थ्य से जुड़े विषयों में बड़े बदलाव लाने का प्रयास किया जायेगा. कहा कि देश की हर बड़ी पंचायत में लगभग डेढ़ लाख जगहों पर सब सेंटर्स और प्राइमरी हेल्थ सेंटर्स हेल्थ ऐंड वेलनेस सेंटर के रूप में विकसित किये जायेंगे।
पीएम ने महिला ई-रिक्शा चालक का किया जिक्र
इस अवसर पर पीएम ने दंतेवाड़ा की महिला ई-रिक्शा चालक सविता साहू का जिक्र करते हुए कहा कि आज मुझे सविता साहू जी के ई-रिक्शा पर सवारी का अवसर मिला। कहा कि सविता जी के बारे में मुझे बताया गया कि उन्होंने नक्सली – माओवादी हिंसा में अपने पति को खो दिया था। लेकिन उन्होंने सशक्तीेकरण का रास्ता चुना। सरकार ने उनकी मदद की। वे अब सम्मान से भरा हुआ जीवन जी रही हैं।







