- दिनभर लगी रही लम्बी-लम्बी कतारें, बम- बम भोले के जयकारों से गूंजा परिसर
- आज गुरुवार को ख़त्म हो गया सावन, शुक्रवार से भादों की शुरुवात
लखनऊ,15 अगस्त 2019: सावन माह के आखिरी दिन बुधवार को मोहान रोड भपटामऊ स्थित बुद्धेश्वर महादेव मंदिर पर श्रद्धालुओं ने बम- बम भोले के जयकारों के बीच भोले शिवशंकर की पूजा- अर्चना की। अन्तिम बुधवार होने के कारण मंदिर परिसर में सुबह तड़के से श्रद्धालुओं का आना शुरू हुआ जो देर रात तक लगातार बना रहा।
मंदिर व मेला परिसर में जगह-जगह आयोजित भण्डारे में शिवभक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया। सावन माह के अन्तिम बुधवार को बुद्धेश्वर महादेव मंदिर पर श्रद्धालुओं का तांता सुबह तड़के से शुरू हो गया। पुजारियों ने मंदिर के कपाट रात करीब दो बजे श्रद्धालुओं के लिए खोल दिये थे। मंदिर के कपाट खुलते ही पहले से कतारों में खड़े शिवभक्तों ने बम- बम भोले, हर-हर महादेव के गगनभेदी उद्घोषों के बीच भोले शिव शंकर के दर्शन किये। भोले बाबा के दर्शन के लिए व्याकुल शिवभक्तों के जयकारों से पूरा मंदिर परिसर दिनभर गूंजता रहा। कई बार कतारों में खड़े शिवभक्तों के बीच धक्का मुक्की भी हुई लेकिन मंदिर पर सुरक्षा में लगे सेवादारों ने संभाल लिया।






