लखनऊ, 8 जनवरी 2019: सिटी मोन्टेसरी स्कूल की मेजबानी में चल रहे ‘26वें अन्तर्राष्ट्रीय बाल शिविर’ के प्रतिभागी 14 देशों के मेहमान छात्रों ने लखनऊ भ्रमण का आनन्द उठाया और लखनऊ की ऐतिहासिक इमारतों, साँस्कृतिक विरासत व गंगा-जमुनी तहजीब से रूबरू हुए।
बता दें कि ब्राजील, कोस्टारिका, डेनमार्क, फ्राँस, जर्मनी, इटली, जापान, मैक्सिको, मंगोलिया, नार्वे, स्पेन, स्वीडन, थाईलैण्ड एवं भारत के नन्हें मेहमानों ने लखनऊ भ्रमण के दौरान बड़ा इमामबाड़ा एवं रीजनल साइंस सेन्टर आदि दर्शनीय स्थलों की सैर की और इस दौरान लखनऊ के लजीज जायके का आनन्द उठाया, साथ ही लखनऊ की गंगा-जमुनी तहजीब को नजदीक से अहसास किया।

सीएमएस के मुख्य जन-सम्पर्क अधिकारी श्री हरि ओम शर्मा ने बताया कि सीएमएस की मेजबानी में एक माह का अन्तर्राष्ट्रीय बाल शिविर 28 दिसम्बर 2018 से 24 जनवरी 2019 तक आयोजित किया जा रहा है, जिसमें 14 देशों से पधारे 11 से 12 वर्ष उम्र के छात्र एक छत के नीचे साथ-साथ रहकर एकता, शान्ति, सद्भाव, सहयोग, भाईचारा, मैत्री आदि का प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं तथापि भारत की सँस्कृति, सभ्यता, खान-पान व रीति-रिवाजों से भी अवगत हो रहे हैं।







