राजधानी में हुई झमाझम बारिश, फंसे नाले, डूबे कई इलाके, 24 घंटों में राज्य के विभिन्न हिस्सों में भारी बारिश के आसार
लखनऊ,09 जुलाई 2019: राजधानी में सोमवार से छाई काली घटाओं ने बरसकर लोगों को बड़ी राहत दी।बता दें कि राजधानी लखनऊ समेत राज्य के विभिन्न हिस्सों में सोमवार को हुयी बारिश आज मंगलवार को भी जारी रही।
बारिश के बाद तापमान में गिरावट आने से मौसम खुशगवार हो गया। हालांकि निचले इलाकों में पानी भरने से लोगों को परेशानी भी उठानी पड़ी। सोमवार की सुबह से अपराह्न बाद तक बूंदाबांदी होती रही। इससे लोगों को गर्मी से काफी राहत मिली।
शाम छह बजते ही आसमान पर छाये घने बादलों ने बरसना शुरू कर दिया। यह बारिश शाम सात बजे के बाद तक होती रही। इससे कार्यालय से लौट रहे लोगों ने छांव की शरण ली। देर तक बरसात बंद न होने पर वह भीगते हुए ही अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 48 घंटे में राज्य के विभिन्न हिस्सों में बारिश होने की संभावना है।







