24 घंटे में लिया प्रशिक्षु कांस्टेबल की शहादत का बदला
श्रीनगर, 23 जुलाई 2018: दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले में प्रशिक्षु कांस्टेबल मोहम्मद सलीम शाह की अपहरण के बाद बेरहमी से हत्या करने वाले तीनों आतंकवादियों को सुरक्षाबलों ने रविवार को मुठभेड़ में मार गिराया। जम्मू-कश्मीर पुलिस महानिदेशक डॉ एस पी वैद्य और रक्षा प्रवक्ता कर्नल राजेश कालिया ने तीनों आतंकवादियों के मारे जाने की पुष्टि की है। तीनों आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के सदस्य हैं।
पुलिस प्रवक्ता ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि सेना जम्मू कश्मीर पुलिस के विरोध विशेष दस्ते और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल सीआरपीएफ ने आज तड़के एक संयुक्त अभियान चलाया। जिसमें सुरक्षा बल खुदवानी में आतंकवादियों के ठिकाने की तरफ बढ़ रहे थे। तभी वहां छिपे हुए आतंकवादियों ने उन पर गोलीबारी शुरू कर दी। भारतीय सुरक्षाबलों ने गोलीबारी का करारा जवाब देते हुए तीन आतंकवादियों को मौके पर ही मार गिराया।
गुप्ता ने बताया कि तीन आतंकवादियों के शव बरामद कर लिए हैं। तीनों आतंकवादी प्रशिक्षु सलीम शाह के अपहरण और हत्या के जिम्मेदार थे। सलीम कुछ दिनों पहले अवकाश पर अपने घर आए थे और इन तीनो आतंकवादियों ने कुल ग्राम स्थित उनके घर से शुक्रवार को उनका अपहरण कर अज्ञात स्थल पर ले गए थे। बाद में सलीम का गोलियों से छलनी शव बरामद हुआ था।







