तराई इलाकों में घना कोहरा ढा सकता है कहर, ट्रेने होंगी प्रभावित
लखनऊ, 20 दिसम्बर 2018: शीत लहर और पर्वतीय क्षेत्रों में हो रही लगातार बर्फबारी के कारण पूरे भारत के साथ उत्तर प्रदेश के मैदानी इलाकों में गलन भरी ठंड से आम जनजीवन प्रभावित होने लगा है। बता दें कि भारत अधिकांश राज्य के साथ लखनऊ, मुजफ्फरनगर, बुलंदशहर, हापुड़ और देवरिया समेत राज्य के अधीक्षण क्षेत्रों में ठंड के कारण लोग बाग़ सर से पांव तक ढककर जरूरी काम से घर और कार्यालय से बाहर निकल रहे हैं।

लखनऊ और आसपास के क्षेत्रों में हालाँकि खिली धूप के चलते सड़कों और पार्कों में चहल-पहल बनी हुई है। मगर शाम ढलते ही ठण्ड से सड़कों और बाजारों में सन्नाटा पसरने लगा है। मौसम विभाग के सूत्रों ने बुधवार को मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि सर्द हवाओं और गलन के चलते कई शहरों में दिन और रात के तापमान में जबरदस्त गिरावट दर्ज की गई है।
पिछले 24 घंटे में मुजफ्फरनगर में पारा 0.4 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है जबकि बांदा में दिन का तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। जो राज्य में सबसे अधिक था। मौसम विभाग ने कहा है कि अगले चौबीस घंटे में पश्चिमी यूपी में खासकर तराई इलाकों में घना कोहरा पड़ने का अनुमान है।







